थापर नगर स्थित नाले में शनिवार दोपहर एक युवती की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। लाश को देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। सदर बाजार और देहली गेट पुलिस इसे एक-दूसरे के थानों का मामला बताती रही। एसपी सिटी ने मौके पर पहुंचकर दोनों थानों की पुलिस को वहां बुलाया। इसके बाद शव बाहर निकाला जा सका। देर रात तक शव की शिनाख्त नहीं हो पाई थी।
शनिवार दोपहर 12:55 बजे खैरनगर से थापरनगर मार्ग पर पैदल जाती छात्राओं ने नाले में युवती की लाश देखी। इस पर वहां भीड़ लग गई। सूचना मिलने पर सदर बाजार पुलिस इसे देहली गेट थानाक्षेत्र का मामला बताती रही। मामला एसपी सिटी आलोक प्रियदर्शी के पास पहुंचा तो वह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एसपी सिटी ने सदर इंस्पेक्टर पंकज पंत और देहली गेट इंस्पेक्टर मिथलेश उपाध्याय को फोन करके तुरंत मौके पर आने को कहा। उसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। करीब दस मिनट तक एसपी सिटी के सामने दोनों थानों की पुलिस सीमा विवाद में उलझी रही। बाद में सदर बाजार पुलिस ने एक युवक की मदद से शव को बाहर निकाला।
काली टी-शर्ट और लोअर पहने हैं
पुलिस के मुताबिक युवती काले रंग की टी-शर्ट और लोअर पहनने है। शव की लंबाई करीब 5 फीट 2 इंच हैं। युवती के पास से एक पर्स भी मिला है। देर रात तक युवती की पहचान नहीं हुई। एसपी सिटी आलोक प्रियदर्शी का कहना है कि शव लगभग पांच या छह दिन पुराना है। शव क्षत-विक्षत होने के कारण उम्र का अंदाजा नहीं लग पा रहा है। अंदेशा जताया कि शव को यहां लाकर फेंका गया है। इंस्पेक्टर देहली गेट मिथलेश उपाध्याय ने बताया कि देर शाम तक शव की शिनाख्त नहीं हो सकी थी। शव पीएम के लिए भेजा गया है।
मर्यादा हुई तार तार
शव बाहर निकालने के दौरान पुलिस ने मर्यादा को तार तार कर दिया। युवती के कपड़े तक फटे थे। इस दौरान पुलिस ने महिला कांस्टेबल को भी बुलाना मुनासिब नहीं समझा। पुलिस के अनुसार शव देखकर महिला कांस्टेबल की हालत खराब हो सकती थी। जिसके चलते किसी महिला कांस्टेबल को नहीं बुलाया गया।