बीएचयू कैंपस में वीडियो बनाने को लेकर मंगलवार को फिर से जमकर बवाल हुआ। संगीत एवं मंच कला संकाय के बाहर बिरला हास्टल का एक छात्र एक छात्रा के साथ बैठा हुआ था। इसी संकाय के एक प्रोफेसर ने उनका वीडियो बना लिया।
इसी विरोध में बिरला हास्टल के 50 से अधिक छात्र संकाय पहुंच गए और वहां घंटे भर तक हंगामा मचाया। प्रोफेसर के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
सभी छात्र प्रोफेसर से माफी मांगने पर अड़ गए। मौके पर पहुंची प्राक्टोरियल बोर्ड की टीम और पुलिस ने सुलह समझौता कराकर मामले को शांत कराया। बता दें कि बीते दो फरवरी को भी विश्वनाथ मंदिर में लड़की के साथ बैठे एक छात्र की पिटाई के बाद भी परिसर में जमकर बवाल हुआ था। उस घटना में भी वीडियो बनाने को लेकर बवाल होने की चर्चा थी।
मंगलवार की दोपहर करीब ढाई बजे बीए तृतीय वर्ष का छात्र जयदेव बीएचयू की ही एक छात्रा के साथ संगीत एवं मंच कला संकाय के बाहर मैदान में बैठकर बातें कर रहा था।
मंच कला संकाय के ही प्रो. के शशि कुमार ने इनका वीडियो बना लिया। दोनों ने ही इसका विरोध किया और अपने साथियों को बुला लिया।
देखते ही देखते बिरला हास्टल के साथ संकाय पहुंच गए।
संकाय के अंदर उन्होंने खूब हंगामा किया। छात्रों का हंगामा देख वहां के छात्रों के बीच अफरा तफरी मच गई।
तोड़फोड़ के डर से सभी छात्र-छात्राएं अपनी अपनी कक्षाओं में बंद हो गए।
मौके पर प्राक्टोरियल बोर्ड की टीम, पुलिस और यूपी 100 की टीम पहुंच गई।
वीडियो डिलीट कराने के साथ ही छात्र प्रोफेसर से माफी मंगवाने पर अड़ गए। प्रोफेसर ने न सिर्फ वीडियो डिलीट किया बल्कि माफी भी मांगी। इसके बाद छात्रों ने हंगामा खत्म किया।