एसएसपी कार्यालय के समीप की पांच दूकानों और नगर निगम की सफाई चौकी का ताला तोड़कर सोमवार की रात चोरों ने पुलिस को तगड़ी चुनौती दी। उधर, फोर्स की मौजूदगी के बीच आदमपुर क्षेत्र के लाटभैरव मंदिर की दानपेटिका और सारनाथ क्षेत्र के एक मकान को चोरों ने निशाना बनाया। एसएसपी कार्यालय के समीप हुई चोरी की घटनाएं लोगों में चर्चा बनी रहीं।
सोमवार की रात एसएसपी कार्यालय के बाहर सैलून संचालक खरमुल्लाह की दूकान का ताला तोड़कर चोर दो हजार रुपये और गैस सिलेंडर ले गए। बगल की जवाहिर की पान की दूकान, राधेश्याम की फोटो स्टेट दूकान, प्रेम चौहान और राधे यादव की पान की दूकान एवं नगर निगम सफाई चौकी का भी ताला तोड़ा गया। कैंट पुलिस ने फोटोस्टेट की दूकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी तो एक महिला रॉड से ताला तोड़ते दिखी।
उधर, सारनाथ थाने के रुप्पनपुर में अमित कुमार के बंद घर से चोर कंप्यूटर, एलसीडी टीवी सहित अन्य सामान ले गए। वहीं, आदमपुर थाना क्षेत्र में लाटभैरव मंदिर की दानपेटिका का ताला तोड़ मंगलवार रात चोर रुपये चुरा ले गए। मंदिर समिति के महामंत्री छोटेलाल जायसवाल की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। डॉग स्क्वॉड लेकर पुलिस ने मुआयना किया लेकिन चोरों का सुराग नहीं लगा।