लेढ़ूपुर फुटहवानार स्थित गिट्टी-बालू और मार्बल की दूकान में बैठे विजय यादव (40) के पेट में बुधवार की रात एक बदमाश गोली मार कर भाग निकला। घरवालों ने विजय को मलदहिया स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया। विजय ने बताया कि जमीन विवाद पर मुकदमे के कारण पट्टीदारी के ही तीन लोगों ने उस पर गोली चलाई है।
आदमपुर थाना क्षेत्र के मुकीमगंज निवासी विजय यादव का लेढ़ूपुर फुटहवानार के पास पुश्तैनी बगीचा है। यहीं विजय की गिट्टी-बालू और मार्बल की दूकान भी है। बुधवार की रात नौ बजे के लगभग विजय अपनी दूकान पर बैठा था, इसी दौरान एक युवक आया और उसके पेट में गोली मारकर बगीचे की चहारदीवारी फांद कर भाग निकला।
विजय के पास मौजूद लोगों ने उसे दौड़ाया भी लेकिन वह पकड़ में नहीं आ सका। सीओ कैंट राजकुमार यादव ने बताया कि विजय यादव के पेट में दाहिने तरफ गोली लगी है। विजय के अनुसार उसके तीन पट्टीदारों ने जमीन विवाद में उसे गोली मारी है। बताया कि सारनाथ थानाध्यक्ष को मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी का निर्देश दिया गया है। बता दें कि अवैध शराब के मामले में विजय जेल भी जा चुका है। विजय के बगीचे से एक ट्रक में 17 ड्रम ओपी और एक क्वालिस पुलिस ने बरामद की थी।