चुनार कोतवाली के टेकौर मुहल्ले में एक सप्ताह पूर्व मकान के बंटवारे को लेकर भाइयों के बीच हुई मारपीट में एक भाई की बुधवार की रात में मौत हो गई। मृतक की बेटी ने आरोपी बड़े पिता के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा पंजीकृत कराया है।
घटना मंगलवार की शाम की बताई जा रही है। पुलिस आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए ले गई है और आरोपी की तलाश कर रही है। घटना स्थल पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी मुकेश कुमार उत्तम ने बताया कि टेकौर निवासी मृतक सीजय श्याम चौधरी और घनश्याम चौधरी, विजय श्याम चौधरी, राजेश चौधरी एवं राधेश्याम चौधरी सगे भाई हैं।
इनके पास एक मकान है जिसके बटंवारे को लेकर विवाद चल रहा था। एक सप्ताह पूर्व सभी भाईयों के बीच बंटवारे को लेकर जमकर मारपीट हुई थी। इसमें से एक भाई सीजय श्याम चौधरी को गंभीर चोट आई थी।
उधर, मृतक के बेटी किरण का कहना है कि आरोपी बड़े पिता घनश्याम चौधरी ने सभी भाइयों से यह कह उनका हिस्सा ले लिया कि मकान बनवा कर सभी हिस्सा दे देगा लेकिन वह अपने वादे से मुकर गया।
इसको लेकर भाइयों में मारपीट हुई। उसने बताया कि बुधवार की रात में बड़े पिता ने मेरे पिता को लात घूंसे से मारा जिससे वह गंभीर रूप से चुटहिल हो गए और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।