उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में मानवता को शर्मसार कर देने का मामला सामने आया। यहां पर पंचायत ने मोबाइल चोरी करने के आरोप में एक किशोरी को सजा तौर ऐसा फरमान सुना दिया कि किसी के भी रोंगटे खड़े हो जाए।
जिले के म्योरपुर एरिया के पूर्वी देवहार गांव में बुधवार को मोबाइल चोरी के शक में एक किशोरी को प्रताड़ित करते हुए अग्नि परीक्षा के लिए मजबूर करने का मामला प्रकाश में आया है। संयोग था कि मानवता को शर्मसार करने वाले इस वाकये पर ऐन वक्त पर कुछ लोगों की नजर पड़ गई और पीड़िता को बचा लिया गया।
पूर्वी देवहार गांव के 12 से अधिक लोग धान की कटाई कर गांव लौट रहे थे। इसी दौरान पास के गांव नवडीहा के एक युवक ब्रह्मदेव का मोबाइल फोन चोरी हो गया। डेढ़ हजार से भी कम कीमत वाले मोबाइल के मामले ने इतना तूल पकड़ा कि बात पंचायत तक पहुंच गई।
पीड़िता खुद को निर्दोष होने की देती रही दुहाई
UP Police
पीड़िता बार-बार खुद को निर्दोष होने की दुहाई देती रही लेकिन युवक पीड़िता पर ही चोरी का आरोप लगाने में लगा रहा। इस दौरान मोबाइल दूसरे के झोले से मिल भी गया।
बावजूद मामला तूल पकड़े रहा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मामले को ठंडा न पड़ता देख पंचायत ने किशोरी को गर्म लोहे की राड पकड़कर, सच्चाई साबित करने का फरमान सुना दिया। आग जलाकर लोहे की राड गर्म भी की जाने लगी। इससे पहले कि किशोरी को राड पकड़ाई जाती कुछ लोगों की नजर पड़ गई।
पहले वहां मौजूद लोगों से मामले की जानकारी ली। इसके बाद लोगों को समझा-बुझाकर किसी तरह किशोरी को मुक्त कराया और उसे उसके घर भेज दिया। उधर, एएसपी आपरेशन अवधेश सिंह ने कहा कि उन्हें म्योरपुर पुलिस ने ऐसी कोई जानकारी नहीं दी है। पता करवा रहे हैं।