उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में मानवता को शर्मसार कर देने का मामला सामने आया। यहां पर पंचायत ने मोबाइल चोरी करने के आरोप में एक किशोरी को सजा तौर ऐसा फरमान सुना दिया कि किसी के भी रोंगटे खड़े हो जाए।
जिले के म्योरपुर एरिया के पूर्वी देवहार गांव में बुधवार को मोबाइल चोरी के शक में एक किशोरी को प्रताड़ित करते हुए अग्नि परीक्षा के लिए मजबूर करने का मामला प्रकाश में आया है। संयोग था कि मानवता को शर्मसार करने वाले इस वाकये पर ऐन वक्त पर कुछ लोगों की नजर पड़ गई और पीड़िता को बचा लिया गया।
पूर्वी देवहार गांव के 12 से अधिक लोग धान की कटाई कर गांव लौट रहे थे। इसी दौरान पास के गांव नवडीहा के एक युवक ब्रह्मदेव का मोबाइल फोन चोरी हो गया। डेढ़ हजार से भी कम कीमत वाले मोबाइल के मामले ने इतना तूल पकड़ा कि बात पंचायत तक पहुंच गई।