यूपी के सोनभद्र में बुधवार की रात भूत-प्रेत को लेकर महिलाओं में विवाद हो गया। महिलाओं ने पत्थर से फूलवंती (48) का सिर कूचकर हत्या कर दी। घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मृतका के पति जयराम की तहरीर पर पुलिस ने तीन महिलाओं के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में नामजद मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गुरुवार को थाने पर बिलख रहे करहिया निवासी मृतका के पति जयराम चेरो ने बताया कि बुधवार की देर शाम गांव के कुछ ओझाओं के कहने पर मेरी पत्नी फूलवंती खेत में पूजन-अर्चन करके घर आ रही थी।
रास्ते में पनडूबीया पुलिया के पास गांव की तीन महिलाएं फूलवंती को घेर कर पीटने लगीं। सिर में चोट लगने से वह अचेत होकर गिर पड़ी। इसके बाद महिलाओं ने पत्थर से उसका सिर कूच कर उसे मौत की नींद सुला दी।
इसके बाद शव को पुलिया के नीचे फेंक दिया। रास्ते से गुजर रहे रिश्ते में दामाद लगने वाले मनोज ने महिलाओं को शव फेंकते देख शोर मचाया। हालांकि ग्रामीणों के एकत्र होने से पहले हत्यारोपी महिलाएं फरार हो गईं।
घटना की सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष संतोष यादव ने आरोपी महिलाओं को पकड़ने के लिए छापेमारी शुरू की। पुलिस ने बताया कि जयराम चेरो की तहरीर पर सुरसतिया देवी, सुनीता और सविता के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।