चौक थाना क्षेत्र के सुड़िया इलाके में मंगलवार की आधी रात एक पूजा पंडाल में डीजे बजाने को लेकर विवाद हो गया। थोड़ी देर बाद एक पक्ष से किसी ने सप्तसागर निवासी छाता कारोबारी किशन शर्मा (35) को देसी कट्टे से पेट में दो गोली मार दी। किशन को मंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने मलदहिया स्थित एक नर्सिंगहोम रेफर कर दिया। ऑपरेशन के बाद किशन की हालत स्थिर बताई गई है। मामले में तीन नामजद और दो अज्ञात के खिलाफ चौक थाने में हत्या का प्रयास, बलवा सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया है।
सुड़िया स्थित एक दुर्गोत्सव समिति की प्रतिमा मंगलवार की रात कंपनीबाग स्थित कुंड में प्रवाहित कर लोग पंडाल लौटे थे। किशन और उसका छोटा भाई लखन शर्मा उर्फ पापे भी साथ थे। लखन समिति का पदाधिकारी है। इसी दौरान पांच-छह युवक आए और डीजे बजाने के लिए कहने लगे। डीजे संचालक ने मना किया तो उन युवकों में से एक ने उस पर पान की पीक थूक दी। इसके बाद दोनों पक्षों कहासुनी और मारपीट हुई। थोड़ी देर बाद उक्त युवकों में से पांच फिर से पंडाल के पास आए और किशन को गोली मारने के बाद भाग निकले।
इंस्पेक्टर चौक अनुपम कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि लखन की तहरीर पर चौक निवासी ऋषभ सेठ और अमित सेठ, सुड़िया के संजय यादव समेत दो अज्ञात पर मुकदमा दर्ज किया गया है। मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। जानकारी में आया है कि दोनों पक्ष से जुड़े लोग मनबढ़ हैं।