चोलापुर थाना अंतर्गत धरसौना-नियार मार्ग पर धरान में गुरुवार की रात सड़क किनारे खाई में पलटी हुई इंडिका कार में स्थानीय सपा नेता आफताब (30) का शव मिला। सूचना पाकर पहुंचे परिवारीजनों ने पुलिस को शव लेने से मना करते हुए चुनावी रंजिश में आफताब की हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस किसी तरह सभी को समझाबुझाकर शव चोलापुर थाने ले गई। पुलिस ने तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। गौरतलब है कि आफताब ने बीते साल पंचायत चुनाव के दौरान बीडीसी सदस्य का चुनाव भी लड़ा था।
चोलापुर थाना के देईपुर नईबस्ती निवासी आफताब के घर से लगभग एक किलोमीटर की दूरी पर धरान में सड़क किनारे खाई में पलटी हुई उसकी कार में उसका शव रात करीब आठ बजे मिला। आफताब की कार के पीछे एक स्कॉर्पियो खड़ी थी, लेकिन वह किसकी है इसका पता नहीं लग सका। ग्रामीणों की सूचना पर परिवारीजन और पुलिस मौके पर पहुंची। परिवारीजनों ने बताया कि गुरुवार की सुबह गांव के ही एक शख्स से आफताब की कहासुनी और मारपीट हुई थी।
शाम के समय वह अपनी कार लेकर घर से हाजीपुर की तरफ निकला था। परिवारीजनों ने पुलिस से कहा कि चुनावी रंजिश में आफताब को कहीं पीट-पीट कर मार डाला गया और फिर हत्या को दुर्घटना का रूप देने के लिए कार धरान में लाकर खाई में पलट दी गई। पुलिस ने कार और स्कॉर्पियो को कब्जे में लेकर चोलापुर थाने में खड़ा करा दिया है। उधर, आफताब की मौत के बाद गांव में व्याप्त तनाव को देखते हुए पुलिस फोर्स की तैनाती कर दी गई है।