यूपी के सोनभद्र जिले में तीन माह पूर्व हुई पिता-पुत्री की हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। एक आरोपी अब भी फरार है। पुलिस के मुताबिक मरने वाले की पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर घटना को अंजाम दिया था।
चंदौली जिले के शहाबगंज गांव का रहने वाला रामराज रस्तोगी (35) ने घटना से दस दिन पूर्व दुधमनियां में आकर रोजगार शुरू किया था। बीते नौ मई की रात वह जब अपने घर पर सो रहा था, उसी दौरान उसके ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डाल कर आग लगा दी गई।
इस हादसे में रामराज व उसकी बेटी राधा (10) व लक्ष्मी (08) बुरी तरह झुलस गईं। उपचार के दौरान रामराज व राधा की मौत हो गई। दर्दनाक हादसे के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। घटना के तार रामराज की पत्नी से जुड़ा मिला।
पुलिस के मुताबिक रामराज की पत्नी दीक्षा रस्तोगी का गांव के करीब रहने वाले सोनू रस्तोगी से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसमें उसने पति और बेटियों को बाधा मान लिया। तीनों को रास्ते से हटाने के लिए दीक्षा ने सोनू संग मिलकर हत्या की योजना बनाई।
इसमें सोनू ने दोस्त वेद प्रकाश तिवारी को भी मिला लिया। घर के बाहर बेटियों के संग सो रहे रामराज पर तेल डालकर आग लगा दी। पुलिस ने दीक्षा व सोनू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। घटना के खुलासे के वक्त एसपी रूडोल्फ अल्वारेस व एएसपी सूर्यकांत शर्मा सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।