मऊ जिले के दक्षिणटोला थाना क्षेत्र के मोबिनपुरा मुहल्ले में बेटे ने अपने 70 वर्षीय पिता हाफिज अख्तर और चाचा इम्तेयाज ( 60 ) को गोली मार दी। घायल पिता की मौके पर ही मौत हो गई। वह 28 को हज पर जाने वाला था। जबकि चाचा को उपचार के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया। यहां से उसे वाराणसी के लिए रेफर कर दिया।
घटना का कारण जमीन बंटवारे का विवाद बताया जा रहा है। जिसमें उसका चाचा और बाप-बेटे के झगड़े में बीच बचाव कर रहे थे। मोबिनपुरा मोहल्ला निवासी हाफिज अख्तर अपने बेटे शमीम उर्फ पप्पू से अलग रहता था। वह 28 जुलाई को हज पर जाने वाला था। हज पर जाने से पहले वह अपने बेटे को समझाकर जमीन के बंटवारे की समस्या को भी हल करना चाहता था।
शनिवार को इसी बात को लेकर परिवार के सदस्यों के बीच पंचायत शमीम के दरवाजे पर होने लगी। विवादित जमीन को शमीम देना नहीं चाहता था। परिवार के सदस्यों द्वारा दबाव बनाए जाने पर वह अपने पिता पर ही भड़क गया। इसी दौरान शमीम उर्फ पप्पू ने तमंचा निकाला और अपने पिता के सीने पर सटाकर फायर कर दिया। बीच बचाव करने के गए, अपने चाचा इम्तेयाज पर भी उसने फायर कर दिया।
घटना को अंजाम देने के बाद शमीम उर्फ पप्पू मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना से मोहल्ले में अफरा तफरी मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने हाफिज के शव कब्जे में ले लिया। घायल इम्तेयाज को सदर अस्पताल भेजा गया।
अस्पताल के डाक्टरों ने घायल की हालत गंभीर देख उसे वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। इस मामले में परिवार के ही सदस्य जैनुल आदिल पुत्र अनवारुल हक ने आरोपी शमीम उर्फ पप्पू पुत्र हाफिज अख्तर के विरुद्ध हत्या और हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कराया है।
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव का कहना है कि आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है वह जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।