वाराणसी के संदहां क्षेत्र में पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने बुधवार की देर रात एक कंटेनर में हरियाणा से लाई गई 6050 लीटर स्प्रिट बरामद की। इस स्प्रिट का इस्तेमाल गाजीपुर और बिहार में अवैध तरीके से शराब बनाने में किया जाना था। स्प्रिट के साथ आगे कार लेकर चल रहे गाजीपुर के खानपुर थाना के पटना निवासी भैयालाल निषाद को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, कंटेनर छोड़ कर भाग निकले चालक की तलाश की जा रही है।
एसटीएफ को कुछ समय से सूचना मिल रही थी कि वाराणसी व आसपास के जनपदों में अवैध शराब बनाने वाले गिरोह हरियाणा से अवैध तरीके से स्प्रिट मंगा रहे हैं। अभिसूचना संकलन के दौरान सूचना मिली कि हरियाणा से अवैध रूप से लाई जा रही स्प्रिट चौबेपुर के रास्ते गाजीपुर ले जाई जाएगी।
सूचना के आधार पर एसटीएफ के दरोगा पवन सिंह, आरक्षी आलोक पाण्डेय, शैलेंद्र उपाध्याय व राघवेन्द्र तिवारी और चौबेपुर थानाध्यक्ष संजय त्रिपाठी ने संदहां तिराहा के समीप घेरेबंदी की। मुखबिर द्वारा बताई गई कार और कंटेनर को रुकवाया गया। कंटेनर का चालक भाग निकला, लेकिन कार का चालक पकड़ा गया।