पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
- फोटो : demo pic
बलिया जिले के एक गांव में घर के सामने खेल रही सात साल की मासूम को ताड़ी पिलाकर दुष्कर्म करने का मामला प्रकाश में आया है। गुरुवार की शाम दूसरे गांव के दो युवकों ने घर के सामने खेल रही बच्ची को बहला फुसलाकर बगीचे में ले गया और यह कुकृत्य किया।
मामले में पीड़िता की मां ने गांव के ही दो युवकों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है। तहरीर मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने दोनों के विरूद्ध पाक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पीड़ित बच्ची की मां ने तहरीर में आरोप लगाया है कि रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के मंदा गांव निवासी दो युवक उसकी सात वर्षीय बालिका को बहला फुसलाकर बगीचे में ले गए तथा उसे धोखे से ताड़ी पिला दी। ताड़ी पीने के बाद जब वह नशे में हो गई तो उन्होंने उसकी बेटी के साथ दुष्कर्म किया।
इस दौरान जब उसे होश आया तो वह शोर मचाने लगी। इस पर दोनों उसे छोड़कर भाग खड़े हुए। बालिका जब घर पहुंची तो उसने पूरी आप बीती बताई। बेटी की बात सुनते ही उसके होश उड़ गए। इसके बाद वह बेटी को लेकर कोतवाली पुलिस गई और उक्त दोनों युवकों के खिलाफ लिखित तहरीर दी।
एसओ ने बताया कि पीड़िता की मां की तहरीर पर तेजबहादुर व बूटन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है।
हफ्ते भर पहले भी हुआ था एक बालिका संग बलात्कार
बलिया जिले में इन दिनों बालिकाओं संग दुष्कर्म की घटनाएं बढ़ती जा रही है। 06 मई को भी ऐसी ही एक घटना में उभांव थाना क्षेत्र के एक गांव में एक युवक ने टॉफी देने के बहाने दुष्कर्म किया था।
इसकी जानकारी होते ही पुलिस हरकत में आयी तथा सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पाक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया था।