ट्रेनों में यात्रियों से लूटपाट करने वाले बदमाशों को पकड़ने में जीआरपी को बड़ी सफलता मिली है। जीआरपी ने तीन दिन में सात बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके पास से लूट का छह लाख रुपये का माल बरामद किया। इनमें से दो के खिलाफ पहले गैंगेस्टर की कार्रवाई हो चुकी है। शुक्रवार को कैंट स्टेशन स्थित थाने में यह जानकारी सीओ जीआरपी शेषनाथ सिंह ने पत्रकारों को दी।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार को जीआरपी ने दो बदमाशों को प्लेटफार्म नंबर आठ से दबोच लिया। इन बदमाशों की पहचान काली महाल, मुगलसराय निवासी भंडोल डोम और जौनपुर के सकरमंडल निवासी अनिल गुप्ता के रूप में हुई है। इनके पास से दो लाख रुपये के जेवरात बरामद हुए है। इसके पहले बुधवार को दो लुटेरों नाटे डोम और महेश डोम को पकड़ा गया था। इनके पास से चार लाख रुपये का लूट का सामान बरामद हुआ था। इसी तरह गु़रुवार को भी तीन बदमाश पकड़े गये थे। सीओ ने बताया कि लुटेरों को दबोचने वाली टीम को एडीजी जीआरपी ने 10 हजार और एसपी जीआरपी ने पांच हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। इंस्पेक्टर शिव प्रकाश ने बताया कि ये बदमाश बेगमपुरा, ताप्ती गंगा, महानगरी, पटना-इंदौर आदि ट्रेनों में लूटपाट करते थे।