इंग्लिशिया लाइन-मलदहिया मार्ग स्थित भारत शिक्षा मंदिर के समीप मंगलवार की रात बाइक सवार दो बदमाशों ने फेरी-पटरी, ठेला व्यवसायी संघ के सचिव और स्वच्छ भारत मिशन से जुड़े प्रमोद निगम (60) की हत्या कर दी।
व्यस्त मार्केट में सरेराह वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश असलहा लहराते हुए मलदहिया चौराहा की ओर भाग निकले।
प्रमोद को को निजी अस्पताल ले जाया गया उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने घटनास्थल से .32 बोर के दो खोखे बरामद किए है। प्रमोद की हत्या की ठोस वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
सामने यही आया कि हत्या से कुछ घंटे पूर्व खुले में लघुशंका कर रहे दो लोगों से उनका विवाद और हाथापाई हुई थी। पुलिस घटनास्थल के समीप की दो दूकानों की सीसीटीवी फुटेज खंगालकर बदमाशों को चिह्नित करने में जुटी हुई है।
ठेला, पटरी और फेरी वालों की हक की लड़ाई के लिए जीवन गुजार देने वाले प्रमोद निगम इन दिनों स्वच्छ भारत मिशन से जुड़कर काम कर रहे थे। हुकुलगंज निवासी प्रमोद की इंग्लिशिया लाइन तिराहा पर पटरी पर बेल्ट, चश्मा और टोपी की दूकान थी।
घटना की जानकारी पाकर डीएम योगेश्वर राम मिश्र और एसएसपी नितिन तिवारी मलदहिया स्थित निजी अस्पताल पहुंचे।
बताया जाता है कि हत्या के कुछ घंटे पूर्व इंग्लिशिया लाइन तिराहा स्थित जवाहर मार्केट के सामने के पार्क में शराब के नशे में धुत होकर लघुशंका कर रहे दो लोगों को प्रमोद ने मना किया तो वो उनसे उलझ गए थे।
प्रमोद का कहना था कि वो पार्क की साफ सफाई करा रहे हैं और शराब के नशे में धुत होकर लोग यहां लघुशंका कर रहे हैं।
इस दौरान बात बढ़ने पर हाथापाई भी हुई थी लेकिन फिर मामला शांत हो गया था। इस संबंध में एसएसपी ने बताया कि वारदात से जुड़े सभी बिंदुओं की पड़ताल क्राइम ब्रांच कर रही है।
उधर, प्रमोद की हत्या की खबर पाकर कैंट से सिगरा तक के ठेला और पटरी व्यवसायी विरोध में दूकानें बंद कर मलदहिया स्थित निजी अस्पताल के बाहर पहुंच गए थे। सभी का कहना था कि अब उनकी लड़ाई कौन लड़ेगा।