अवैध देशी पिस्टल से दूसरी बीवी रुचि सिंह की हत्या कर खुद का भेजा गोली से उड़ाने वाले मारूती नगर कॉलोनी के ट्रांसपोर्टर निरंजन मिश्रा के खिलाफ लंका पुलिस ने हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत गुरुवार को मुकदमा पंजीकृत किया है।
वहीं, पोस्टमार्टम के बाद दोनों का अंतिम संस्कार हरिश्चंद्र घाट पर किया गया। जहां मुखाग्नि ट्रांसपोर्टर के बेटे रविराज मिश्रा ने दी। वहीं, पुलिस की ओर से सूचना दिए जाने के बावजूद रुचि सिंह के मायके का कोई शख्स घाट पर नहीं आया।
बिहार के मूल निवासी ट्रांसपोर्टर निरंजन अपनी पहली पत्नी गीता मिश्रा, तीन बच्चों और दूसरी पत्नी रुचि सिंह के साथ लंका थाना क्षेत्र के मदरवां इलाके की मारूती नगर कॉलोनी में किराए के मकान में रहते थे।
बुधवार की शाम पहली पत्नी गीता और बच्चों को निरंजन ने अपने छोटे भाई धनंजय के यहां भेज दिया था। इसके बाद दूसरी बीवी रुचि की कनपटी पर गोली मारकर खुद का भेजा उड़ा लिया।
पहली बीवी और निरंजन के छोटे भाई धनंजय की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
लंका थानाध्यक्ष संजीव कुमार मिश्रा ने बताया कि अपराध को देखते हुए ट्रांसपोर्टर के खिलाफ हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों का अंतिम संस्कार हरिश्चंद्र घाट पर उनके घरवालों ने किया है।