कचहरी स्थित भारतीय स्टेट बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय (मुख्य शाखा) के प्रथम तल में शनिवार की रात अचानक आग लग गई। सूचना पाकर पहुंची दमकल की छह गाड़ियों ने लगभग आधा घंटे में आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक लाखों रुपये मूल्य के कंप्यूटर, यूपीएस, एसी सहित बिजली के अन्य उपकरण, फर्नीचर और कागजात राख हो चुके थे। सूचना मिलते ही जिलाधिकारी राजमणि यादव मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी लिए।
इस दौरान कचहरी मार्ग और आसपास अफरातफरी की स्थिति देखी गई। घटना की वजह शार्ट सर्किट बताई गई है। महीने का दूसरा शनिवार यानी अवकाश का दिन होने के कारण कचहरी स्थित एसबीआई की क्षेत्रीय और मुख्य शाखा बंद थी। रात सात बजे अचानक बैंक के प्रथम तल के चेक क्लियरेंस प्रोसेस सेंटर और आईटी डिपार्टमेंट से धुआं उठता दिखा तो राहगीरों ने पुलिस कंट्रोल रूम को फोन किया।
वहीं, बैंक के गार्ड ने भी सौ नंबर पर फोन करने के साथ ही अपने उच्चाधिकारियों को घटना से अवगत कराया। सेना भर्ती के चलते वरुणा पार में ही दमकल की गाड़ियां मौजूद होने के कारण तत्काल बैंक पहुंच गई। लगभग आधा घंटे में आग पर काबू पा लिया गया।
क्षेत्राधिकारी कैंट राजकुमार यादव ने बताया कि बैंक के प्रथम तल में आग लगने की सूचना मिली थी। घटना की वजह शार्ट सर्किट आंकी गई है। बैंक के अधिकारियों के अनुसार करेंसी चेस्ट आदि सुरक्षित हैं। आग के चलते इलेक्ट्रानिक सामान, फर्नीचर और कागजात को नुकसान पहुंचने की बात सामने आई है।