रोहतास से बनारस आए चावल व्यापारी धनंजय और गोपाल का अपहरण।
- फोटो : Demo Pic
रोहतास से बनारस आए चावल व्यापारी धनंजय और गोपाल का अपहरण हो गया है। दोनों के परिवार वालों को फोन कर रुपये तैयार रखने के लिए कहा गया है। सर्विलांस की मदद से जिन नंबर से फोन किया गया था उनकी लोकेशन बनारस में मिली है। इसी आधार पर दोनों व्यापारियों की तलाश में गुरुवार को रोहतास की क्राइम ब्रांच ने बनारस क्राइम ब्रांच के साथ कई स्थानों पर छापामारी की लेकिन सफलता नहीं मिली। जिसके बाद रोहतास क्राइम ब्रांच इलाहाबाद के लिए रवाना हो गई।
बिहार के रोहतास के चावल व्यापारी धनंजय और गोपाल बीते एक मार्च को एक कार से बनारस आए थे। इसके बाद दोनों घर नहीं लौटे। तीन मार्च को दोनों व्यापारियों के घरवालों को फोन गया कि रुपये तैयार रखना, हम लोग जल्द ही फोन करेंगे, तुम्हारा आदमी हमारे कब्जे में है और फिर फोन कट गया। इसके बाद पांच मार्च को दोनों के घर पर फिर यही दोहराते हुए फोन गया तो मामले की सूचना रोहतास पुलिस को दी गई।
रोहतास पुलिस ने सर्विलांस की मदद से टोह ली तो दोनों व्यापारियों के फोन की आखिरी लोकेशन बनारस में ही दिखी। जबकि जिन नंबर से फोन किए गए थे उनकी भी लोकेशन बनारस, चंदौली के अलीनगर, मऊ और जौनपुर में दिखी। गुरुवार को बनारस क्राइम ब्रांच के साथ रोहतास क्राइम ब्रांच ने शहर के चौक सहित कुछेक अन्य स्थानों पर दबिश दी लेकिन दोनों व्यापारियों का पता नहीं लगा। बनारस क्राइम ब्रांच के अनुसार बिहार पुलिस की चार टीमें बनारस और आसपास के जिलों में लगी हुई हैं। यहां सफलता न मिलने पर रोहतास क्राइम ब्रांच की टीम इलाहाबाद रवाना हो गई है।