शादी का झांसा देकर एक लड़के ने लड़की के साथ दुराचार किया और शादी से मुकर गया। वह अब लड़की के फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी दे रहा है।
जौनपुर जिले के मुफ्तीगंज क्षेत्र निवासी अभिषेक राय, उसके पिता त्रिलोकी राय, जीजा अतुल राय और भाई अमित व सौरभ के खिलाफ बुधवार को कैंट थाने में दुराचार, धोखाधड़ी सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
यह कार्रवाई जौनपुर जिले की एक युवती की तहरीर पर की गई है। कैंट थाने पहुंची पीड़िता ने पुलिस को बताया कि दो वर्ष पहले उसकी शादी अभिषेक से तय हुई थी। दोनों में तय हुआ कि अभी वे अपने कैरियर पर ध्यान देंगे और बाद में शादी करेंगे।
इसी बीच उसे लखनऊ बुलाकर अभिषेक ने दुराचार किया। शादी की बात करने पर उसके पिता त्रिलोकी राय दहेज में 20 लाख रुपये की मांग करने लगे। त्रिलोकी का कहना था कि 20 लाख रुपये दहेज में मिलेंगे तभी शादी होगी।
इसके बाद भी अभिषेक ने उसे फिर लखनऊ बुलाया और आठ जुलाई को वाराणसी कचहरी चलकर शादी करने की बात कही। जब वह कचहरी पहुंची तो वहां अभिषेक के पिता, जीजा और भाइयों ने उसे धमकाते हुए भाग जाने के लिए कहा।
यह भी धमकी दी कि यदि शादी करने की जिद पर अड़ोगी तो तुम्हारी आपत्तिजनक फोटो और वीडियो तैयार कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया जाएगा। कैंट इंस्पेक्टर फरीद अहमद ने बताया कि पांचों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।