गाजीपुर से गर्भवती महिला के इलाज के लिए शनिवार को परिजन वाराणसी के सारनाथ रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां उसकी अचानक से ज्यादा तबियत खराब होने पर 108 नंबर को फोन किया। काफी इंतजार के बाद भी एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। इस दौरान गर्भवती महिला की प्लेटफार्म पर ही मौत हो गई।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार गाजीपुर जिले के खानपुर निवासी जोखन की पत्नी रेनू देवी(32) गर्भवती होने से बीमार हो गई थी, जिसको रेनू के भाई आजाद और भाभी मीरा उन्हें सुबह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवकली ले गए। जहां से जिला अस्पताल गाजीपुर रेफर करने को कहा गया लेकिन वहां पर भर्ती नहीं किया गया।
उसके बाद गाजीपुर से पैसेंजर ट्रेन से सुबह साढ़े 8 बजे सारनाथ रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां स्थिति और खराब होने पर भाई आजाद ने 108 नंबर पर फोन कर एंबुलेंस बुलाने के लिए कॉल किया। फोन करने के बाद भी एंबुलेंस नहीं पहुंची और गर्भवती महिला ने प्लेटफार्म पर ही दम तोड़ दिया।
स्टेशन अधीक्षक एसपी सिंह ने बताया कि स्थानीय थाने और जीआरपी को सूचित किया गया है। थाना प्रभारी विजय बहादुर सिंह ने शव का पंचनामा कर परिवार वालों को शव सौंप दिया और 4 हजार रुपया नगद सहयोग राशि दी।