सेना भर्ती में आए युवाओं ने कैंट रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को जमकर उत्पात मचाया। कई बार प्लेटफार्मों पर भगदड़ जैसी स्थिति नजर आई। यात्रियों से मारपीट और महिलाओं से छेड़छाड़ भी की। इसकी व्यापक असर रेल परिचालन पर भी नजर आया। देवरिया की ओर जाने वाली ट्रेनों का बहुत बुरा हाल रहा। आरपीएफ को कई बार बीचबचाव भी करना पड़ा। हालांकि जीआरपी केवल मूकदर्शक बनी रही और उनके सामने ट्रेनों की बोगियों पर कब्जे, यात्रियों से झगड़े होते रहे।
कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक से नौ तक भर्ती में आए युवाओं की भीड़, शोरशराबा और मनमानी दिखी। द्वितीय श्रेणी प्रतीक्षालय और सेकेंड एंट्री पर स्थित बुकिंग काउंटर में महिलाओं से छेड़छाड़ का विरोध करने पर यात्रियों से मारपीट भी हुई। दर्जनभर ट्रेनों में युवकों ने जमकर उत्पात मचाया। जिन आरक्षित बोगियों के दरवाजे अंदर से बंद थे उन पर पत्थर भी चलाए गए। ट्रेन आने के दौरान प्लेटफार्म पर भगदड़ जैसी स्थिति नजर आई। ट्रैक पर भी युवाओं का ही हुजूम नजर आया। पूरे दिन रेलवे स्टेशन से लेकर ट्रेनों में यात्री डरे-सहमे दिखे।