भीखमपुर गांव की वनवासी बस्ती में बुधवार की शाम शराब पीने के बाद मजदूरी के पैसे के बंटवारे को लेकर दो सगे भाई आपस में ही भिड़ गए।
इस दौरान हुई मारपीट में बड़े भाई नंदलाल बनवासी ने छोटे भाई बलमू उर्फ सिकंदर वनवासी (35) की लाठी से पीट-पीट कर जान ले ली। मारपीट के दौरान बीचबचाव कर रही बलमू की पत्नी गीता भी गंभीर रूप से घायल हुई है।
घटना के बाद नंदलाल भाग निकला। उसके खिलाफ बलमू की बेटी सोनी ने कपसेठी पुलिस को नामजद तहरीर दी है।
भीखमपुर गांव निवासी नंदलाल और बलमू एक ईंट भट्ठे पर साथ ही काम करते थे और वहीं का ट्रैक्टर भी चलाते थे। बुधवार की शाम काम करने के बाद दोनों ने छककर शराब की।
इसके बाद वनवासी बस्ती अपने घर आए। मजदूरी के पैसे के बंटवारे के दौरान दोनों में कहासुनी शुरू हुई जो मारपीट में तब्दील हो गई।
आरोप है कि इसी दौरान नंदलाल ने लाठी उठाई और बलमू के सिर पर ताबड़तोड़ प्रहार करने लगा। उसकी पत्नी गीता बचाने के लिए आगे आई तो उसे भी जमकर पीटा।
सूचना पाकर पहुंची पुलिस बलमू और गीता को लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सेवापुरी गई। जहां बलमू को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। जबकि गीता की हालत गंभीर देख उसे मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया गया।
थानाध्यक्ष कपसेठी अशोक चंद्र दूबे ने बताया कि बड़ा भाई वारदात को अंजाम देकर भाग निकला है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। बताते चलें कि बलमू का इकलौता बेटा कन्हैया अपने ससुराल में रहता है जबकि बेटी सोनी साथ रहती थी।