दस साल की अंजू ने अपनी मां मंजुला को प्रेमी के साथ आपत्तिजनक हाल में देख लिया तो भेद खुलने के डर से मां ने ही बेटी को मार डाला। बीते चार अगस्त को कादीचक स्थित कुएं में अंजू की लाश मिली थी। हत्या का खुलासा करते हुए रोहनिया पुलिस ने मंगलवार को मंजुला को जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार मंजुला ही अंजू को कुएं के पास ले गई और उसे धकेलकर घर लौट आई। मिर्जापुर के चुनार थाना क्षेत्र के नक्कूपुर सुदौली निवासी राकेश कुमार पटेल ने पुलिस को सूचना दी थी कि उसकी बेटी अंजू का अपहरण कर हत्या करने के बाद शव रोहनिया के कादीचक स्थित कुएं में फेंक दिया गया है।
रोहनिया इंस्पेक्टर सुरेंद्र कुमार कटियार ने बताया कि सर्विलांस की मदद से पता चला कि मंजुला की उसके गांव के ही युवक से मोबाइल पर ज्यादा बातचीत होती थी। साथ ही, राकेश की गैरमौजूदगी में वह युवक उसके घर आता था। इसी आधार पर मंजुला को महिला पुलिस ने हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की तो उसने सच बता दिया।