मऊ जिले के मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र में शनिवार को गर्भपात एवं दुष्कर्म का शर्मनाक मामला प्रकाश में आया है। एक युवक ने एक युवती को शादी का झांसा देकर उसके साथ सात महीने तक दुष्कर्म किया।
पीड़िता ने लोक लज्जा के चलते अपने घर में इस बारे में नहीं बताया। इस दौरान वह गर्भवती हो गई, तो आरोपी ने उसका गर्भपात करा दिया। इसके बाद मामले की जानकारी परिजनों को हुई।
जानकारी होने पर पीड़िता की मां ने शनिवार को इसकी लिखित शिकायत की तो कोतवाली पुलिस ने पीड़िता की मां की तहरीर पर गांव के ही एक आरोपी के विरुद्ध संबंधित धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया।
इस बारे में क्षेत्राधिकारी अनिल कुमार ने कहा कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस आरोपी युवक की तलाश में जुटी है।