फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मिर्जापुर में जहरीली चाय पीने से 25 लोग बीमार, 15 दिनों में दूसरी वारदात

Sun, 23 Jul 2017 08:44 PM IST
ब्यूरो, अमर उजाला, मिर्जापुर
विज्ञापन
अस्पताल में भर्ती बीमार मरीज - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
यूपी के मिर्जापुर जिले में एक दुकान पर जहरीली चाय पीने से 25 लोग बीमार हो गए। बीमार लोगों का स्‍थानीय अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। वहीं सात लोगों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें वाराणसी के ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया है।
विज्ञापन


बताया जाता है कि यह घटना जिले के अहरौरा इलाके के चित विश्राम तिराहे की है। डीएम और एसपी ने सीएचसी जाकर पीड़ितों के बारे में जानकारी ली। खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने दूध, चाय पत्ती और चीनी के नमूने लिए हैं।

चाय विक्रेता को भी हिरासत में ले लिया गया है। एक पखवाड़े पहले इसी दूकान पर विषैली चाय पीने से 27 लोग बीमार हो गए थे। चित्तविश्राम तिराहे पर राम आशीष गुमटी में चाय बेचता है। रविवार की सुबह छह बजे 25 लोगों ने दूकान से चाय पी।
विज्ञापन


कुछ देर बाद वे अचेत होकर गिरने लगे। कोई उल्टी करने लगा तो कोई बेहोश हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पीड़ितों को एंबुलेंस से अहरौरा सीएचसी भेजवाया। इनमें से सात की हालत चिंताजनक देख वाराणसी रेफर कर दिया गया। 

मामले में डीएम बिमल कुमार दूबे ने कहा कि  चाय, चीनी और दूध के नमूने लखनऊ स्थित राजकीय प्रयोगशाला में भेजने का निर्देश दिया गया है। दो दिनों में जांच रिपोर्ट आ जाएगी। लोगों के जीवन से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। 


तीन घंटे तक  एंबुलेंस का इंतजार      
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर चाय पीकर गंभीर रूप से बीमार लोगों को चिकित्सकों ने वाराणसी रेफर कर दिया लेकिन उन्हें ले जाने के लिए एंबुलेंस ही नहीं थी। मरीजों को तीन घंटे तक एंबुलेंस का इंतजार करना पड़ा। लोगों ने डिप्टी सीएमओ सदर उमाशंकर लाल के यहां जाकर हंगामा किया तब एंबुलेंस बुलवाई गई। 
विज्ञापन

चाय की दूकान का निरीक्षण करने पहुंचे डीएम और एसपी - फोटो : अमर उजाला
डीएम बिमल कुमार दूबे और एसपी आशीष तिवारी ने चाय की दूकान का निरीक्षण किया। दूकान पर रखी चीलम देखकर उन्होंने पूछा कि क्या तुम गांजा भी बेचते हो तो दूकानदार ने बताया कि  चाय पीने आए लोग इसे यहां छोड़ गए होंगे। गांजा यहां नहीं बिकता है।

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के अभिहित अधिकारी मानिकचंद भी पहुंचे। उन्होंने दूध, मलाई, चाय की पत्ती के नमूने लिए। उन्होंने कहा कि कुछ लोग चाय में अफीम भी मिलाते हैं, जिससे ऐसी स्थिति हो सकती है। ऐसे में बेहोशी के साथ ही डिहाइड्रेशन की भी समस्या होती है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मामला स्पष्ट हो पाएगा।

उधर, लोगों का कहना है कि पखवाड़े भर पहले भी खाद्य विभाग ने इसी दूकान में चाय पीकर लोगों के बेहोश होने के बाद नमूने लिए थे, लेकिन बिना उसकी जांच के ही दोबारा दूकान खोलने की अनुमति दे दी। 

ये लोग हुए बीमार
बिंदपुरवा कलां के रामधनी (50), प्रभुनाथ (45), रामबली (55), पहलू (24), रामसूरत (43), नरसिंह (40), लालू (8) को वाराणसी रेफर किया गया है। बिंदपुरवा के राम सकल ( 42) , राम मूरत (35), चौधरी (35), राजमनी (47), रामवृक्ष (48), रामपति (36), कन्हईपुर के प्रकाश (41), एबकपुर के बनारसी (34), चुनार के बबलू (35), खासडीह के दीर्पू (27), विश्राम सरोज (20), श्याम लाल (32), प्रभुनाथ (45) टेकउत (45), चीलबिल (42), सुजीत (31) को भर्ती कराया गया है।  
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें