जिला खनन अधिकारी अनिल कुमार सिंह के वाहन पर पथराव, बदसलूकी और धमकी से मंगलवार को प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। घटना डाफी टोल प्लाजा की है।
अवैध तरीके से खनन कर मिट्टी ले जा रहे ट्रैक्टर-ट्राली को रोकने पर मामला बिगड़ा। पहले बाइक और फिर छह-सात की संख्या में बोलेरो से वहां आए खनन माफिया ने खनन अधिकारी की गाड़ी पर पथराव कर दिया।
उनसे बदसलूकी करते हुए जान से मारने की धमकी दी और ट्रैक्टर-ट्राली छुड़ा ले गए। खनन अधिकारी को डाफी टोल प्लाजा में छिपकर जान बचानी पड़ी।
टोल प्लाजा का बैरियर तोड़ कर मोहनसराय की ओर भागे आरोपियों में पांच नामजद और दो अज्ञात के खिलाफ लंका थाने में भारतीय दंड संहिता और खान एवं खनिज विकास विनिमय अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
जिला खनन अधिकारी ने बताया कि गंगा किनारे के गांवों में अवैध तरीके से बालू और मिट्टी खनन की जांच करने के लिए वे लखनऊ से आई एक टीम के साथ चंदौली के लिए निकले थे।
लंका क्षेत्र के मदरवां में डाफी टोल प्लाजा से कुछ ही दूरी पर हरसेवानंद स्कूल के पास उन्हें मिट्टी लदी ट्रैक्टर-ट्राली दिखाई दी। उन्होंने उसे रोककर पूछताछ की। अपने गार्ड को ट्रैक्टर पर बैठाकर थाने चलने को कहा।
खनन अधिकारी की गाड़ी आगे और ट्रैक्टर-ट्राली पीछे चली। तभी बाइक सवार दो युवक आए और गार्ड को धमकाकर ट्रैक्टर से उतार दिए।
इस पर खनन अधिकारी वापस आए तो दोनों युवकों ने उनसे बदसलूकी की और मोबाइल पर किसी से बात की। इसके कुछ ही देर में एक बोलेरो में सवार होकर छह-सात लोग आए।
आते ही सभी खनन अधिकारी की गाड़ी पर पथराव कर उन्हें जान से मारने की धमकी देने लगे। इस पर खनन अधिकारी भाग कर डाफी टोल प्लाजा पहुंचे। पुलिस को सूचना दी।
पुलिस के पहुंचने से पहले ही बोलेरो सवार टोल प्लाजा के बैरियर को तोड़ कर मोहनसराय की ओर भाग निकले।
जिला खनन अधिकारी की तहरीर पर नरोत्तमपुर निवासी अजीत, तड़कन व गरजन, तारापुर निवासी रोहित सिंह व उसके चचेरे भाई सुड्डू के अलावा दो अज्ञात के खिलाफ लंका थाना में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
जिला खनन अधिकारी ने बताया कि महीने भर से इस इलाके में अवैध मिट्टी खनन की शिकायतें मिल रही थीं। यहां जेसीबी से खुदाई कर मिट्टी बेचने का धंधा चल रहा है।
उधर, लंका थानाध्यक्ष संजीव कुमार मिश्रा ने बताया कि जिला खनन अधिकारी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में पुलिस जुटी है।