जम्मू के पुलवामा में जवानों पर हुए आतंकी हमले के बाद देश रो रहा है। सभी को पाकिस्तान से बदला चाहिए। इसी बीच कुछ लोग देश विरोधी बातें कर के देश का दर्द और बढ़ा रहे हैं। यूपी के मऊ में दो समुदायों के युवकों में देश विरोधी नारे न लगाने के चलते मारपीट हो गई।
मऊ के घोसी कस्बे के खास बाजार में सोमवार की रात 11 बजे दो समुदायों के युवकों में मारपीट में पांच लोग घायल हो गए। दर्ज मुकदमे के अनुसार, सोमवार की रात नगर के मलिकपुरा निवासी सुफियान और इनके साथियों को खटिक टोला निवासी मनीष, गोविंद, सुधाकर एवं संतोष सहित 15 लोग मारने-पीटने लगे।
आरोप है कि यह लोग पाकिस्तान जिंदाबाद कहने का दबाव बना रहे थे। जब सुफियान ने ऐसा करने से इनकार कर दिया तो पिटाई कर दी। घटना में मलिक पुरा कसबा खास निवासी अबुबकर, खुर्शीद खान एवं सुफियान घायल हो गए। जबकि दूसरे पक्ष के सोनू सोनकर और राजकुमार गोंड घायल हुए।
कोतवाली पुलिस ने सुफियान की तहरीर पर चार नामजद सहित 15 के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया। दूसरे पक्ष ने पिटाई करने तथा लड़कियों से छेड़खानी करने, सेना पर टिप्पणी करने का आरोप लगाया है। सीओ आलोक कुमार जायसवाल का कहना है कि तहरीर के मुताबिक मुकदमा दर्ज कर पुलिस कार्रवाई कर रही है।