खुद को आरबीआई का अफसर बताते हुए जालसाज ने एक महिला चिकित्सक को 40 हजार रुपये की चपत लगा दी। घटना बुधवार को हुई। महिला चिकित्सक को झांसा देकर उसने उनके एटीएम कार्ड का पासवर्ड जान लिया। महिला चिकित्सक को अपने ठगे जाने का अहसास तब हुआ जब कुछ मिनटों के बाद ही उनके मोबाइल पर 39925 रुपये की ऑनलाइन खरीदारी किए जाने का मैसेज आया। महिला चिकित्सक की शिकायत पर पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
बीएचयू में तैनात चिकित्सक डॉ. राजीव दूबे की पत्नी डॉ. कल्पना दूबे पूर्वोत्तर रेलवे अस्पताल में चिकित्सक हैं। बुधवार की सुबह नौ बजे के करीब उनके मोबाइल पर एक कॉल आई। फोन करने वाले ने अपने को आरबीआई का अफसर बताते हुए उनसे कहा कि आपका एसबीआई का एटीएम कार्ड लॉक हो गया है। उसे दोबारा खोलने के लिए उसने उनके एटीएम कार्ड का पासवर्ड पूछ लिया। महिला चिकित्सक के मुताबिक इसके थोड़ी ही देर बाद उनके मोबाइल पर मैसेज आया कि उनके खाते से 39925 रुपये की ऑनलाइन खरीदारी की गई है। महिला चिकित्सक मैसेज देखकर हैरान रह गईं। उन्होंने बैंक और पुलिस को सूचना दी। पुलिस को उन्होंने वह मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराया, जिससे उन्हें कॉल की गई थी।