वाराणसी में एक युवक ने पहले लव मैरिज की अब उसने अपनी प्रग्नेंट वाइफ को साथ रखने के लिए एक शर्त रख दी है। यह सनसनीखेज मामला सिगरा थाना क्षेत्र के छित्तूपुर का है।
शनिवार को सिगरा थाने पहुंची छित्तूपुर की गर्भवती ऋतु राय ने अपने पति कछवां निवासी पंकज राय पर पांच लाख रुपए दहेज मांगने का आरोप लगाया। ऋतु की तहरीर पर पंकज और उसके मां-बाप के खिलाफ घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न सहित अन्य आरोपों में सिगरा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पत्नी का कहना है कि जिसके प्यार के लिए अपना घर छोड़ा और जीने-मरने की कसमें खाकर शादी की। अब वही साथ रखने के लिए पांच लाख रुपये दहेज मांग रहा है। न देने पर मारपीट के बाद घर से भगा कर दूसरी शादी कर रहा है। ऋतु के अनुसार पंकज फौजी है।
ऋतु ने पुलिस को खुद और पंकज की कई फोटो दिखाई। उसने बताया कि दोनों ने 23 जून 2015 को लव मैरिज की थी। यह बात दोनों के घरवालों को भी पता है। इधर, कुछ दिनों से पंकज के मां-बाप उसकी दूसरी शादी की बात करते हैं।
वहीं, पंकज का कहना है कि मेरे घर पर रहना है तो मायके से पांच लाख रुपये ले लाओ। जब वह रुपये न दे सकी तो उसे पंकज ने घर से भगा दिया। उसने बताया कि वह गर्भवती है इसके बावजूद पंकज और उसके मां-बाप को उस पर दया नहीं आई।
इस संबंध में सिगरा थानाध्यक्ष ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर जेल भेजा जाएगा।