दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के जलालाबाद स्थित खादी ग्राम उद्योग के पूर्व उपाध्यक्ष के पेट्रोल पंप से शनिवार की देर शाम दो बाइक सवार चार बदमाश तमंचे की मुठिया से कैशियर को घायल कर काउंटर से छह लाख रुपये लेकर फरार हो गए।
पंप कर्मियों ने इस घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में लगी रही। खादी ग्राम उद्योग के पूर्व उपाध्यक्ष जयकिशन साहू का जलालाबाद में पेेट्रोल पंप है। रोज की तरह आज भी पेट्रोल पंप खुला था।
शाम करीब साढ़े छह बजे दो बाइक पर सवार चार बदमाश कैश काउंटर पर पहुंचे। चारों बदमाश तमंचा लिए हुए थे। शोर मचाने पर कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी देते हुए कैश काउंटर पर पहुंचे और वहां कैशियर और जयकिशन के भतीजे राहुल साहू पर तमंचे की मुठिया से वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गए।
इसके बाद बदमाश कैश काउंटर से छह लाख रुपये लेकर फरार हो गए। उनके भागते ही कर्मचारी शोर मचाने लगे। जब-तक आसपास के लोग वहां पहुंचते, बदमाश वहां से निकल चुके थे। कैशियर ने इसकी जानकारी थाना पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई। इस संबंध में सैदपुर और भुड़कुड़ा सीओ प्रभात कुमार ने बताया कि लूट की घटना हुई है। बदमाशों की पहचान करने के लिए पेट्रोल पंप पर लगे सीसी कैमरे की फुटेज देखी जाएगी। पहचान होने के बाद बदमाशों की धरपकड़ की जाएगी।