वाराणसी में भेलूपुर थाना क्षेत्र की जवाहर नगर कालोनी में मंगलवार को दिनदहाड़े बदमाशों ने बिजली विभाग के कैशियर जंगबहादुर यादव को गोली मारकर 2.90 लाख लूट लिए।
जंगबहादुर यादव कमच्छा उपकेंद्र में रुपये जमा करने जा रहे थे। घायल कैशियर को स्वामी विवेकानंद अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बीएचयू स्थित ट्रामा सेंटर मे भर्ती कराया गया। उनकी पीठ पर गोली लगी है लेकिन हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
पुलिस को सीसीटीवी फुटेज की मदद से एक बदमाश का पता चला है। वहीं, घटना से बिजली विभाग के कर्मचारियों में रोष फैल गया है। वे आंदोलन की रणनीति बना रहे हैं।
सरायनंदन के निवासी जंगबहादुर यादव दुर्गाकुंड स्थित विद्युत उपकेंद्र में कैशियर हैं। उपभोक्ताओं के द्वारा जमा किए गए बिल के रुपये अपनी स्कूटी की डिक्की में रखकर कमच्छा स्थित पावर हाउस में मुख्य कैशियर के पास जमा करने जा रहे थे।
जवाहर नगर-खोजवां मार्ग पर करीब सवा तीन बजे वह पहुंचे तो गमछे से मुंह बांधे हुए बाइक सवार दो बदमाशों ने जंगबहादुर को रोक लिया और रुपयों से भरा बैग छीनने लगे।
जंगबहादुर के विरोध किया तो बदमाशों ने उनकी आंखों मिर्च का पाउडर झोंक दिया। इसके बाद भी वह बदमाशों से मुकाबला करते रहे। छीना-झपटी में बैग का हैंडल टूट गया लेकिन जंगबहादुर ने बैग नहीं छोड़ा।
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ एक बदमाश
मौके पर पहुंचे एसएसपी व क्राइम ब्रांच की टीम
- फोटो : अमर उजाला
इसी दौरान एक बदमाश ने जंग बहादुर के पीठ पर गोली मार दी, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर गए और बदमाश बैग लेकर खोजवां की तरफ भाग निकले। स्थानीय लोगों ने जंगबहादुर को भेलूपुर स्थित स्वामी विवेकानंद अस्पताल पहुंचाया जहां से डाक्टरों ने ट्रामा सेंटर भेज दिया।
जिधर बदमाश भागे थे, उसी तरफ से खोजवां चौकी प्रभारी शैलेंद्र प्रताप सिंह दो मिनट के बाद मौके पर पहुंचे। उन्हें घटना की जानकारी दी गई लेकिन उन्होंने बदमाशों का पीछा नहीं किया।
जंगबहादुर के मुताबिक बैग में 2.90 लाख रुपये नगद और 2.80 लाख का चेक मौजूद था। लूट की सूचना मिलने पर एसएसपी आरके भारद्वाज और एसपी क्राइम मौके का जायजा लेने के बाद ट्रामा सेंटर भी पहुंचे।
एसपी सिटी दिनेश सिंह ने बताया कि घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में एक बदमाश भागते देखा गया है। छानबीन की जा रही है। जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार किया जाएगा।