जीप के चालक और खलासी ने मऊ जा रही युवती को नशीला पदार्थ खिलाकर गैंगरेप किया। आरोपी युवती को बेहोशी की हालत में जहानागंज थाने के नरेहथा गांव के पास मघई नदी के किनारे फेंककर भाग गए।
शुक्रवार को घटना की जानकारी होने पर घरवालों ने थाने में केस दर्ज कराया। पुलिस युवती को मेडिकल के लिए भिजवाकर आरोपियों की तलाश कर रही है। मऊ जिले के कुछ लोग आजमगढ़ के मेहनगर क्षेत्र में रहते हैं।
गुरुवार को माता-पिता से पूछकर एक 28 वर्षीय युवती सवारी जीप से गांव के लिए रवाना हुई। जीप में अकेली युवती देखकर उसे चालक और उसके सहयोगी ने सुनसान जगह पर जबरदस्ती नशीला पदार्थ पिला दिया।
इसके बाद दोनों ने उसके साथ दुष्कर्म किया और जहानागंज क्षेत्र के नरेहथा गांव के पास मगई नदी के किनारे फेंककर फरार हो गए। गुरुवार की देर रात ग्रामीणों की मदद से पीड़ित युवती को चक्रपानपुर स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना की जानकारी पाकर पुलिस शुक्रवार की सुबह अस्पताल पहुंची और पीड़ित को लेकर थाने चली गई। पुलिस पीड़ित की तहरीर पर दो अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुट गई है। पीड़ित को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला महिला अस्पताल भेजा गया है।
एसपी सिटी सुभाषचंद्र गंगवार ने बताया दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसओ जहानागंज को लगाया गया है।