संस्कृति की राजधानी कही जाने वाली काशी कुछ अराजक तत्वों के कारण एक बार फिर शर्मसार हो गई। अस्सी घाट के सामने गंगा पार शनिवार शाम अर्जेंटीना निवासी साध्वी से तीन युवकों द्वारा सामूहिक दुराचार की कोशिश का मामला सामने आया है।
विदेशी महिला के अनुसार तीन युवकों ने उससे दुष्कर्म की कोशिश की महिला ने युवकों से काफी अनुनय-विनय किया और पास मौजूद रुपये युवकों को दे दिए तो तीनों उसे छोड़कर भाग निकले।
किसी तरह अस्सी घाट स्थित पुलिस चौकी पहुंची विदेशी महिला ने आपबीती पुलिस को सुनाई और बगैर तहरीर दिए ही वापस चली गईं। अर्जेंटीना निवासिनी 38 वर्षीय महिला ने अस्सी पुलिस चौकी पर बताया कि वह पिछले कई साल से भदैनी में रहती हैं।
ब्रह्मचर्य का पालन करते हुए वो साध्वी हो गई हैं। इसके साथ ही एक एनजीओ से जुड़ी हुई हैं। उन्होंने भदैनी क्षेत्र में एक दर्जन से ज्यादा लोगों को गुमटी-ठेला दिलाकर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाया है।