मिर्जापुर में पुलिस की गांजा तस्करों के साथा मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्करों को पकड़ा। तस्करों ने पुलिस टीम पर फायर किया और उनकी गाड़ी में टक्कर मार दी। इससे थानाध्यक्ष, दरोगा समेत चार पुलिसकर्मी घायल हो गए।
घायल होने के बावजूद पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर अदलहाट के परसोधा रेलवे क्रासिंग के पास से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनसे एक कुंतल पांच किलो गांजा, दो असलहा और कारतूस बरामद किया गया। घायल पुलिसकर्मियों को पीएचसी पड़री में भर्ती कराया गया है। पुलिस अधीक्षक, एएसपी व सीओ सदर ने अस्पताल जाकर उनका हालचाल पूछा।
एसपी आशीष तिवारी ने बताया कि गुरुवार की रात पड़री थानाध्यक्ष विश्वज्योति राय एवं उपनिरीक्षक धनंजय पांडेय को सूचना मिली कि अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर गिरोह के सदस्य देर रात एसयूवी गाड़ी से गांजा सप्लाई करने आ रहे हैं। थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक व अन्य फोर्स के साथ नदी से थोड़ी दूर घेराबंदी की।
रात करीब एक बजे वाहन आते देख रुकने का इशारा किया तो कार सवार भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो परसोधा रेलवे क्रासिंग के पास पुलिस की गाड़ी में टक्कर मार कर फायर करके भागने लगे। इसमें उपनिरीक्षक धनंजय पांडेय, आरक्षी प्रदीप पांडेय व कांस्टेबल सीताराम घायल हो गए।
उसके बाद अदलहाट थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह को सूचना दी गई तो उन्होंने घेराबंदी करके शेषमणि उर्फ देवराज पटेल निवासी भसुंदर मझली थाना मेजा इलाहाबाद, विजय पाल निवासी खोसकटा थाना कोरावं इलाहाबाद, अर्जुन दलित निवासी टेढ़ा पड़री को गिरफ्तार कर लिया।
उनका साथी राजेश उर्फ गुड्डू जायसवाल निवासी पड़री फरार हो गया। गाड़ी की तलाशी करने पर एक कुंतल पांच किलो गांजा बरामद हुआ है। उनके पास से 38 बोर का एक रिवाल्वर व 12 बोर एक तमंचा तथा कारतूस बरामद हुआ है। गिरफ्तार करने वाली टीम को पांच हजार रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है।