गाजीपुर जिले के एक गांव में तीन बदमाशों ने पुरानी रंजिश में बाइक सवार पूर्व सैनिक की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने शादियाबाद-नंदगंज मार्ग पर जाम लगाकर डीएम और एसपी को बुलाने की मांग की।
घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने शादियाबाद-नंदगंज मार्ग पर जाम लगाकर डीएम और एसपी को बुलाने की मांग की। जानकारी पर पहुंचे एसपी ने समझा-बुझाकर ग्रामीणों को शांत किया। पूर्व सैनिक के पुत्र की तहरीर पर पुलिस ने प्रधान पति सहित तीन के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी।
सिहोरी निवासी पूर्व सैनिक शशिकांत राय (50) बाइक से डीजल लेने नंदगंज स्थित पेट्रोल पंप गए थे। लौटते वक्त सिहोरी मोड़ के पास तीन बदमाशों ने उन्हें रोका और किसी बात को लेकर कहासुनी करने लगे। इसी बीच एक बदमाश ने शशिकांत के सिर में गोली मार दी।
शशिकांत बाइक से नीचे गिर पड़े और उनकी मौत हो गई। आवाज सुनकर लोग घटनास्थल की तरफ दौड़े तो बदमाश फरार हो गए। जानकारी होते ही पुलिस और घरवाले पहुंचे। गुस्साए ग्रामीणों और परिवार के सदस्यों ने शादियाबाद-नंदगंज मार्ग जाम कर दिया।
लोग डीएम और एसपी को बुलाने की मांग पर अड़ गए। पुलिसकर्मियों ने इसकी सूचना एसपी को दी तो वे कुछ देर बाद मौके पर पहुंचे। एसपी के समझाने-बुझाने के बाद ग्रामीणों का गुस्सा शांत हुआ।
इस मामले में पूर्व सैनिक के पुत्र राहुल ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया है कि प्रधानपति विशाल पासी, उसके बेटे सत्यपाल और साथी राजेश राय ने पिता जी को रोककर पुराने विवाद में कहासुनी की। इसके बाद प्रधान पति ने तमंचे से सिर में गोली मार दी।
पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। इस संबंध में एसपी सोमेन वर्मा ने बताया कि हत्या पुरानी रंजिश को लेकर हुई है। हत्यारोपियों को गिरफ्तार करने के लिए टीम बना दी गई है। जल्द ही तीनों आरोपी गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।