जैतपुरा, सारनाथ, बड़ागांव, कपसेठी और चौबेपुर में हुए सड़क हादसों में एक महिला और चार युवकों की मौत हो गई। वहीं, हादसे में दो बच्चोें सहित छह लोग घायल हो गए। हादसे में जिन दो पहिया वाहन सवारों की जान गई उन्होंने हेलमेट नहीं पहन रखा था। कैंट थाना क्षेत्र के अनौला का मनीष (34) बुधवार की रात कज्जाकपुरा स्थित अपनी ससुराल से पत्नी लक्ष्मी (30), बेटे शैलेष और बेटी अनीता को स्कूटी पर बैठाकर घर जा रहा था। नक्खी घाट तिराहे के समीप सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर और स्कूटी में आमने-सामने टक्कर हो गई और लक्ष्मी सड़क पर जा गिरी। घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। महिला की मौत से गुस्साए इलाकाई लोग ट्रैक्टर में आग लगाने जा रहे थे लेकिन तब तक पुलिस पहुंच गई और लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। लक्ष्मी का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पुलिस ने संतोष और उसके दोनोें बच्चों का मंडलीय अस्पताल में इलाज कराया।
बड़ागांव बाजार के पश्चिमी छोर पर बुधवार की देर रात एक ऑटो अनियंत्रित होकर दीवार से टकराया और पलट गया। हादसे में पेशे से ऑटो चालक बड़ागांव निवासी रिषभ खन्ना उर्फ लालू (23) की मौके पर ही मौत हो गई। लालू अपने दोस्त मंगल बेनवंशी के ऑटो से बड़ागांव से गांगकला बाजार जा रहा था। ऑटो चला रहे मंगल को मामूली चोटें आई हैं। कपसेठी थाना क्षेत्र में नेवादा गांव के सामने बुधवार की दोपहर बोलरो की टक्कर से बाइक सवार मोटर मैकेनिक जितेंद्र पटेल (22) और प्रदीप चौहान (42) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को पुलिस मंडलीय अस्पताल ले गई जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। लोहता थाना के खेवसीपुर निवासी जितेंद्र की कपसेठी में ऑटो मरम्मत की गैरेज है। जितेंद्र के यहां जौनपुर के जलालपुर निवासी प्रदीप अपने ऑटो की मरम्म्त कराने आए थे। ऑटो मरम्मत के दौरान कुछ सामान की जरूरत पड़ी तो जितेंद्र अपनी बाइक से प्रदीप को लेकर जंसा के लिए निकला और दोनों हादसे का शिकार हो गए।
चौबेपुर क्षेत्र का बराई निवासी अजय कुमार (22) गुरुवार को अपने चाचा बृजलाल की दवा लेने स्कूटी से अर्दली बाजार जा रहा था। सारनाथ थाना क्षेत्र के तिलमापुर में अजय की स्कूटी अनियंत्रित हुई और वह सड़क पर गिर पड़ा। उसके सिर में गंभीर चोटें आईं। आननफानन में उसे दीनदयाल अस्पताल पहुंचाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। स्नातक के छात्र अजय के पिता विजय कुमार सीआरपीएफ में दरोगा के पद पर जम्मू-कश्मीर में तैनात हैं। वह चार भाई-बहन में सबसे बड़ा था। उधर, धौरहरा गांव निवासी धीरज सिंह, विवेक व गोलू गुरुवार को किसी काम से बाइक से चौबेपुर बाजार जा रहे थे। मठिया मोड़ के समीप सामने से आ रही बाइक से तीनों की बाइक टकरा गई। धीरज सिंह को गंभीर चोट आई है उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, गोलू और विवेक का प्राथमिक उपचार करने के बाद डॉक्टरों ने घर भेज दिया।