सैनी कोतवाली के एक गांव में गुरुवार को समाज कोझकझोर देने वाली घटना हुई। मोबाइल पर अश्लील फिल्म देखने के बाद बहके 12 वर्षीय लड़के ने छह वर्षीय बच्ची के साथ दुराचार किया और भाग निकला। बच्ची घर में अकेली खेल रही थी। उसके मां-बाप खेत गए थे। वापस आए तो बच्ची का हाल देखकर हतप्रभ रह गए। पिता की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी बालक को गिरफ्तार कर लिया। उसे शुक्रवार को किशोर न्याय बोर्ड में पेश किया जाएगा।
कोतवाली क्षेत्र का एक व्यक्ति गुरुवार सुबह अपनी पत्नी के साथ खेत में गया था। घर में उसकी छह वर्षीय बेटी अकेली थी। सुबह करीब सात बजे गांव का ही 12 वर्षीय बालक घर में घुस गया। बच्ची को उठाकर वह कमरे में ले गया और उसके साथ दुराचार किया। बालिका चीखने-चिल्लाने लगी तो आरोपी उसे छोड़कर भाग निकला। थोड़ी देर बाद बच्ची के माता-पिता घर आ गए। उन्होंने बेटी की हालत देखी तो पूछताछ की। बच्ची ने पूरी बात बताई तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।
वे बच्ची को लेकर सीधे सैनी कोतवाली पहुंचे। मामले की नामजद तहरीर पुलिस को दी। पुलिस घटना की जांच करने गांव पहुंची। सैनी कोतवाली इंस्पेक्टर राकेश चौरसिया ने बताया कि आरोपी बालक को शुक्रवार को किशोर न्याय बोर्ड में पेश किया जाएगा। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। गांव में पूछताछ में पता चला है कि आरोपी बालक गांव के प्राथमिक विद्यालय में कक्षा तीन में पढ़ता है। उसे मोबाइल पर अश्लील फिल्में देखने का शौक था। घर वालों ने ही उसे कई बार उसे पकड़ा था। अश्लील फिल्म देखने की लत की वजह से उसने इतनी बड़ी घटना को अंजाम दिया। आरोपी बालक व उसके पिता को लेकर पुलिस थाने आई। बच्ची को मेडिकल के लिए भेज दिया।