कैंट थाना अंतर्गत हुकुलगंज स्थित अपनी आभूषण की दुकान में बैठे सराफ अवधेश सेठ को लक्ष्य कर चलती बाइक पर पीछे बैठे नकाबपोश बदमाश ने मंगलवार लगभग चार बजे फायरिंग की। गोली दुकान के दरवाजे में जा धंसी और अवधेश बाल-बाल बच गए। बदमाश असलहा लहराते हुए पांडेयपुर की ओर बढ़े। थोड़ी दूर जाकर एक गली से होते हुए भाग निकले। दिनदहाड़े सरेराह फायरिंग से इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास की दुकानों की सीसीटीवी फुटेज जुटाई। बाइक नंबर और हुलिया के आधार पर पुलिस बदमाशों को चिह्नित करने में जुटी है। बता दें कि सराफ अवधेश रामापुरा के भाजपा पार्षद रहे शिव सेठ के बहनोई हैं। शिव सेठ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस शिव की हत्या से मामले को जोड़कर जांच कर रही है।
हुकुलगंज क्षेत्र की दैत्रावीर बाबा मंदिर गली में अवधेश सेठ परिवार के साथ रहते हैं। इलाके के तुलसी निकेतन स्कूल के सामने हुकुलगंज-पांडेयपुर मार्ग पर उनकी आभूषण की दूकान है। अवधेश ने बताया कि वह दूकान पर एक ग्राहक को जेवर दिखा रहे थे। इसी दौरान शोरगुल पर बाहर निकले। पता चला कि उनकी ओर लक्ष्य कर बाइक सवार बदमाशों ने गोली चलाई थी। देखा तो खोखा दुकान के दरवाजे में धंसा था।
पुलिस के अनुसार बदमाशों ने देशी पिस्टल से फायरिंग की थी। वहीं, घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारी पांडेयपुर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष कवींद्र जायसवाल के साथ वहां पहुंचे। कवींद्र ने एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह से अवधेश की पुख्ता सुरक्षा और गनर उपलब्ध कराने की मांग की। इस संबंध में एसएसपी नितिन तिवारी ने बताया कि अवधेश से पूछताछ हुई है। उनका कहना है कि किसी से रंजिश नहीं है। उन्हेें किसी ने फोन कर धमकी भी नहीं दी है। यह स्पष्ट है कि बदमाशों ने लूट की नीयत से फायरिंग नहीं की थी। जल्द ही मामला स्पष्ट होगा।