यूपी के जौनपुर में बदमाशों ने बुधवार शाम एक युवक पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं युवक का एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी मच गई। वारदात के पीछे कोयले के कारोबार में लेनदेन का विवाद बताया जा रहा है।
प्रतापगढ़ जिले के बरचौली गांव के प्रधान अशोक यादव के भाई अखिलेश यादव बुधवार की देर शाम साढ़े आठ बजे काले रंग की स्कार्पियो से बदलापुर मोलनापुर निवासी अपने मित्र वीरेन्द्र प्रताप यादव (26), बलुआ निवासी अतुल यादव, मनीष यादव के साथ धनियामऊ की तरफ जा रहे थे।
रास्ते में मनीष के उतर जाने के बाद वह दो अन्य लोगों के साथ जैसे ही मिरशादपुर के पास एक पेट्रोल पंप के पास पहुंचे कि स्कार्पियो एवं सफारी गाड़ी में सवार पांच-छह बदमाशों ने अखिलेश की स्कार्पियो को ओवरटेक कर अत्याधुनिक असलहे से ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं।
जिससे अखिलेश की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अखिलेश को गोली लगने के बाद आगे की सीट पर बैठे वीरेंद्र प्रताप यादव उतर कर भागने लगे। बदमाशों ने उसे भी गोली मारी जो सिर को चीरती हुई निकल गई।
हमलावर बदलापुर इलाके के ही बताएं जा रहे हैं। घटनास्थल पर पहुंचे एसपी केके चौधरी का कहना है कि लेनदेन के विवाद को लेकर घटना हुई है। मामले की जांच की जा रही है। अभी तहरीर नहीं मिली है।