बाजार स्थित यूनियन बैंक के सामने गुरुवार की सुबह नामापुर गांव निवासी साइकल सवार बच्चेलाल पटेल (50) को ट्रक ने कुचल दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने बड़ागांव बाजार में चक्काजाम कर दिया। किसान के परिवार के लोगों के लिए मुआवजे की मांग के साथ ही सभी आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। लगभग डेढ़ घंटे बाद पुलिस ने सभी को समझाबुझाकर शांत कराया और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
नामापुर गांव निवासी किसान बच्चेलाल पटेल घर से साइकल पर बैगन लेकर बड़ागांव सब्जी मंडी में बेचने जा रहा था। बड़ागांव बाजार में सड़क की पटरी पर रखी गिट्टी के कारण साइकल अनियंत्रित हो गई और बच्चेलाल गिर पड़ा। इसी दौरान पीछे से आ रहा ट्रक बच्चेलाल को कुचलता हुआ बाबतपुर की ओर तेजी से भाग निकला। चक्काजाम कर रहे लोगों को थानाध्यक्ष ने आश्वस्त किया कि पीड़ित परिवार को किसान बीमा सहित सभी प्रकार की सरकारी मदद दिलाई जाएगी।
शिवपुर (ब्यूरो)। महिलाओं को स्वरोजगार का लालच देकर तरना के यमुना नगर कालोनी स्थित एक संस्था पर महिलाओं ने धोखाधड़ी का आरोप लगाया। काफी संख्या में नाराज महिलाओं ने गुरुवार को शिवपुर थाने के सामने विरोध प्रदर्शन कर पुलिस से शिकायत की और संस्था के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। विरोध करने वाली संगीता, बबिता, रंजना, कुसुम, रीना, बीना, सरोज, ज्ञानती सहित अन्य महिलाओं ने बताया कि संस्था में सिलाई कोर्स के लिए पांच सौ और ब्यूटीशियन का कोर्स करने वाली महिलाओं/युवतियों से एक हजार रुपये शुल्क लिया गया। यह बताया गया था कि यदि एक महिला द्वारा बीस महिलाओं को जोड़ा जाता है तो उनको एक सिलाई मशीन दी जाएगी।