जन कल्याण समिति का संचालक एवं विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा बालेश्वर चौहान गुरुवार को रंगरेलियां मनाते पकड़ा गया। पुलिस ने उसे उसके वाजिदपुर स्थित कार्यालय से गिरफ्तार कर मौके से देशी कट्टा-कारतूस, चाकू और दस हजार रुपए भी बरामद किए हैं।
मौके पर मौजूद चार महिलाएं और दो युवक भी गिरफ्तार कर लिए गए। रामनगर के वाजिदपुर निवासी बालेश्वर चौहान पूर्व में मुगलसराय विधानसभा से चुनाव लड़ चुका है। इस बार वह कैंट विधानसभा से चुनाव लड़ने की तैयारी में जुटा था।
रामनगर थानाध्यक्ष अशोक सिंह को गुरुवार की दोपहर बाद मुखबिर से सूचना मिली कि वाजिदपुर पुलिया के पास स्थित बालेश्वर चौहान के कार्यालय में कुछ लोग रंगरेलियां मना रहे हैं।
छापेमारी की गई तो कार्यालय में बालेश्वर, चार महिलाएं और दो अन्य युवक आपत्तिजनक हाल में मिले। गिरफ्तार की गई महिलाएं रामनगर के भीटी, टेंगरा और पंचक्रोशी की रहने वाली बताई गई हैं जबकि दोनों पुरुषों की शिनाख्त चंदौली के चकिया के रामपुर कला के मनोज सिंह और मंगल सिंह के तौर पर हुई है।
रंगरेलिया मनाते हुए बालेश्वर के पकड़े जाने की सूचना मिलने पर रामनगर थाने पर तमाशबीनोें की भीड़ जुट गई थी। थानाध्यक्ष रामनगर ने बताया कि गिरफ्त में आए सभी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 294 (अश्लील कार्य) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। बालेश्वर के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत भी केस दर्ज किया गया है।