शराब के नशे में धुत बाइक सवार ने सोमवार की दोपहर मंडुवाडीह-लहरतारा मार्ग पर एक ट्राली को पीछे से जोरदार धक्का मार दिया।
जिसके चलते ट्राली चला रहा रामचंद्र उर्फ अप्पू (52) सड़क पर गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद भाग रहे बाइक सवार दोनों युवकों को क्षेत्रीय लोेगों ने पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।
मंडुवाडीह के आदर्श नगर का रामचंद्र सोमवार की दोपहर अपनी ट्राली लेकर लहरतारा-मंडुवाडीह मार्ग से मंडुवाडीह की ओर आ रहा था।
डिवाइन सैनिक पब्लिक स्कूल के समीप पीछे से झूमते हुए आए बाइक सवार ने ट्राली पर जोरदार धक्का मारा। जिसके चलते रामचंद्र सड़क पर गिरा और उसका सिर फट गया।
मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया। यह देखते ही इलाकाई लोगों ने दौड़ाकर बाइक रुकवाई और उस पर सवार दोनों युवकों को पकड़ कर पुलिस को सूचना दिए। दोनोें की शिनाख्त चंदुआ छित्तूपुर निवासी रवि और सूरज के तौर पर हुई है।
दोनों शराब के नशे में धुत थे। मंडुवाडीह एसओ फरीद अहमद ने बताया कि बाइक सूरज चला रहा था। दोनों के मुंह से शराब की बू आ रही थी। मेडिकल मुआयना कराने के लिए भेजा गया है।
दोनों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि ट्राली के सहारे ही रामचंद्र अपने तीन लड़कियों, दो लड़कों और पत्नी का पेट पाल रहा था।