फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दोषीपुरा में भिड़े शिया-सुन्नी, पथराव, 25 घायल

Sat, 24 Oct 2015 02:08 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, वाराणसी
विज्ञापन
विज्ञापन
दोषीपुरा मस्जिद स्थित जनाना इमामबाड़ा का दरवाजा बदलने को लेकर शुक्रवार को शिया और सुन्नी आमने-सामने हो गए। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पथराव कर दिया। डेढ़ घंटे तक दोनों पक्षोें में जमकर मारपीट हुई। पांच बाइक तोड़ दी गई। अफरातफरी के बीच राहगीर जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर भागे। इस घटना में दोनों पक्षों से 25 लोग घायल हुए हैं।
विज्ञापन

 सूचना के बाद पांच थानों की फोर्स के साथ एसएसपी आकाश कुलहरि मौके पर पहुंचे। पुलिस ने लाठियां पटककर लोगों को खदेड़ा। एसएसपी का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मौके पर पुलिस फोर्स के साथ ही आरएएफ और पीएसी तैनात कर दी गई है।
जैतपुरा थाना क्षेत्र स्थित दोषीपुरा मस्जिद के एक हिस्से में जनाना इमामबाड़ा है। इसमें महिलाएं नमाज पढ़ती हैं। इमामबाडे़ का दरवाजा पुराना हो चुका है। शुक्रवार की दोपहर शिया पक्ष के लोग उसकी मरम्मत करा रहे थे। बढ़ई की सलाह पर बाद में दरवाजा बदलने की तैयारी शुरू कर दी गई। जानकारी के बाद सुन्नी पक्ष के लोगों ने विरोध कर दिया। एक सभासद के नेतृत्व में पहुंचे लोगों ने विवाद शुरू कर दिया।
विज्ञापन

उनका कहना था कि उन्हें सूचना दिए बगैर काम कराया जा रहा है। कहासुनी के दौरान ही मारपीट और फिर पथराव हो गया। दोनों पक्षों से सैकड़ों लोग आमने-सामने हो गए। नारेबाजी के बीच करीब डेढ़ घंटे तक पथराव हुआ। इस पथराव में दोनों पक्षों से 25 से अधिक लोग जख्मी हो गए। सूचना के बाद जैतपुरा, आदमपुर, सिगरा, चेतगंज थाने की फोर्स पहुंची।
 सीओ चेतगंज अखिलेश और फिर कुछ देर बाद एसएसपी कुलहरि भी पहुंच गए। पुलिस ने लाठियां पटककर लोगों को खदेड़ा। भारी पुलिस फोर्स के पहुंचने के बाद किसी तरह मामला शांत हुआ। पुलिस ने घायलों का दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल में मेडिकल कराया। एसएसपी का कहना है कि दरवाजा बदलने को लेकर शिया और सुन्नी समुदाय के बीच विवाद हुआ था। जिन लोगों ने माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया है, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें