उत्तर प्रदेश के बहुचर्चित वाराणसी के डिप्टी जेलर अनिल त्यागी हत्याकांड का एक और आरोपी रविवार को पकड़ा गया है। एसटीएफ की वाराणसी इकाई ने माफिया डॉन मुन्ना बजरंगी के शूटर बलिया निवासी रोहित सिंह उर्फ चंदन सिंह उर्फ चिंटू को गिरफ्तार कर कैंट पुलिस को सौंप दिया है।
बता दें कि वाराणसी के डिप्टी जेलर अनिल त्यागी को 23 नवंबर 2013 की सुबह गोली मार कर हत्या कर दी थी। एक साल बाद पुलिस ने इस हत्याकांड का खुलासा करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार किया था। जिसने डिप्टी जेलर अनिल त्यागी की रेकी की थी वह फरार था।
रविवार को एसटीएफ की वाराणसी ईकाई ने उसे गिरफ्तार कर लिया। डिप्टी जेलर त्यागी अपने सख्त रवैये के लिए कैदियों में जाने जाते थे। इस हत्याकांड ने जिला प्रशासन और उत्तर प्रदेश पुलिस की खासी किरकिरी कराई थी। बताया जाता है कि उनकी हत्या जेल में सख्ती करने के कारण ही हुई थी।