पीएम मोदी और सीएम योगी के नारों के साथ शहर से गांवों तक शराबबंदी की मुहिम रविवार को और रफ्तार पकड़ती दिखी। शराबियों के आतंक से परेशान महिलाओं ने रविंद्रपुरी और शिवाला स्थित देसी शराब की दूकानों में जमकर तोड़फोड़ की।
विज्ञापन
यही नहीं महिलाओं ने वहां मौजूद सेल्समैन और पियक्कडों की पिटाई कर दी। यह घटना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय कार्यालय से मात्र 300 मीटर की दूरी पर हुई। महिलाओं के विरोध को देखते हुए पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन कुछ खास कर न सकी।
बाद में महिलाओं ने पीएम संसदीय कार्यालय पर प्रदर्शन किया। बाद में महिलाओं की मांग पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। वहीं सेवापुरी के जंसा थाना क्षेत्र के हरसोस में सरकारी शराब की दूकानों को बंद कराने के लिए जिला पंचायत सदस्य सीमा पटेल के नेतृत्व में सैंकडों की संख्या में महिलाओं और पुरुषों ने प्रदर्शन किया ।
विज्ञापन
गुजरात की तर्ज पर बनारस में शराबबंदी की मांग को लेकर प्रदर्शन का यह पांचवां दिन है। इससे पहले शनिवार को शराब की दूकानों में तोड़फोड़, मारपीट और आगजनी से जगह-जगह अफरातफरी मची रही। फुलवरिया की महिलाओं ने सुबह डीएम आवास का घेराव किया।
वहीं, आदित्य नगर में नाराज महिलाओं ने चितईपुर-करौंदी मार्ग जाम कर शराबबंदी के लिए आवाज उठाई। लोहता में आगजनी कर शराब की दूकान फूंकने का प्रयास करने पर पुलिस ने 35 महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। इनमें नौ को कचहरी से जमानत मिल गई, बाकी 25 का शांतिभंग की धारा में चालान कर दिया गया।
मारपीट और आगजनी से शहर से गांवों तक हंगामा, योगी-योगी के नारे
जंसा में चल रहा प्रदर्शन
- फोटो : अमर उजाला
शराबबंदी के खिलाफ शनिवार को लगातार चौथे अभियान जारी रखते हुए महिलाओं ने जगह-जगह हल्ला बोला। लोहता के मंगलपुर स्थित शराब की दूकान पर महिलाओं ने पहुंचते ही तोड़फोड़ शुरू कर दी। सेल्समैन किसी तरह भागा। फिर दूकान से सामान बाहर निकाल कर आग लगा दी गई।
सूचना के बाद एसपी ग्रामीण आशीष तिवारी, सीओ सदर, एसडीएम समेत चार थानों की फोर्स पहुंची। महिला पुलिस भी बुलाई गई। 34 महिलाओं को गिरफ्तार कर ले जाया गया, तब हंगामा थमा।
वहीं, सारनाथ के पंचक्रोशी चौराहे के समीप सरकारी देशी शराब की दूकान पर शाम को पहुंची महिलाओं ने तोड़फ ोड़ की। शराब की बोतलें बाहर फेंक दी। महिलाओं के साथ उनके बच्चे भी थे।
नमकीन और चना बेचने वालों को भी भगा दिया। मोटरसाइकिल तोड़ दी। शराब की दूकान के पास में खड़े लोगों को दौड़ाकर पीटा गया। दूकान बंद कराने का आश्वासन देकर पुलिस ने किसी तरह महिलाओं को शांत कराया। लंका थाना क्षेत्र के आदित्य नगर में देशी शराब की दूकान पर पहुंची महिलाओं ने चितईपुर-करौंदी मार्ग जाम कर दिया।
महिलाओं ने इस दौरान पीएम मोदी और सीएम योगी के नारे लगाए। इस बीच, गांव के कुछ लड़कों ने दूकान में घुसकर खिड़की, दरवाजा से लेकर कुर्सी, चौकी तक बाहर फेंक दी। शराब की पेटियां बाहर फेंक दी गईं। दो घंटे तक हंगामा चला। इंस्पेक्टर लंका देवेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे लेकिन महिलाओं ने उनकी नहीं सुनी।
महिलाओं का कहना था कि शराब की दूकान के बगल में मंदिर और विद्यालय है। शराब पीकर छेड़खानी होती है। सीओ भेलूपुर राजेश कुमार श्रीवास्तव ने दूकान बंद कराने का आश्वासन देकर महिलाओं को शांत कराया। करौंदी और मदरवां में भी जमकर हंगामा हुआ। यहां शराब की दूकानों पर पथराव किया गया।