लंका और कैंट थाने में दर्ज हुए दो मुकदमे
- फोटो : demo
सपा सरकार में दर्जा प्राप्त मंत्री रहे केपी यादव सहित दो लोगों के बैंक खाते से सोमवार को साइबर जालसाजों ने दो लाख रुपया से अधिक उड़ा दिया। मामले को लेकर दोनों भुक्तभोगियों ने लंका और कैंट थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है।
बृजइंक्लेव कॉलोनी निवासी पूर्व मंत्री केपी यादव ने बताया कि सोमवार की शाम उनके पास दीपक शर्मा नाम के शख्स का फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को एसबीआई अधिकारी बताते हुए एटीएम कार्ड एक्टिवेट करने के बहाने उस पर दर्ज नंबर और पिन पूछा।
पूर्व मंत्री ने फोन करने वाले द्वारा मांगी गई जानकारी दे दी लेकिन उन्हें संशय हुआ तो भागकर बीएचयू स्थित एसबीआई पहुंचे। हालांकि तब तक उनके खाते से 49996 रुपये की ऑनलाइन खरीदारी हो चुकी थी।
वहीं, कैंट थाना में लमही निवासी फार्मास्युटिकल कंपनी में कार्यरत पीयूष राय ने बैंक खाते से रुपये उड़ाए जाने संबंधी मुकदमा दर्ज कराया है।
पीयूष ने बताया कि उनके पास कॉल आई थी कि आपके खातों का वेरीफिकेशन किया जाना है इसलिए पूरा विवरण दीजिए। कॉल पर पीयूष ने एसबीआई सहित अन्य बैंकों से जुड़े अपने खाते का विवरण बताया तो जालसाजों ने 155000 रुपया उड़ा दिया।