उचक्के पांच लाख बीस हजार रुपये उड़ा दिए और देखती रह गई जिले की पुलिस
- फोटो : demo
वाराणसी में अपराधी बेलगाम हो गए हैं। इसकी बानगी गुरुवार को देखने को मिली। चेतगंज, लंका, सिगरा और सारनाथ थाना क्षेत्र में चार घंटे के भीतर चार लोगों को निशाना बनाकर उचक्के पांच लाख बीस हजार रुपये से ज्यादा की रकम छीन ले गए।
वहीं, सूचना पाकर इलाकाई थाने की पुलिस महज मौका मुआयना तक ही सीमित रही। चार घंटे के भीतर शहर में चार स्थान पर दिनदहाड़े हुई वारदात से आमजन में दहशत का माहौल है। वहीं, इसके साथ ही पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं।
चेतगंज थाना अंतर्गत लहुराबीर स्थित एचडीएफसी बैंक में जैतपुरा के साड़ी डिजाइनिंग मशीन के पार्ट़्स बेचने वाले अब्दुल रहीम के कर्मचारी अरशद पैसा निकालने गया था। बैंक से रुपये निकालकर वह जैसे ही रामकटोरा की ओर बढ़ा बाइक सवार दो बदमाश पीछे से आए और उसका बैग छीन कर भाग गए।
उसके बैग में एक लाख रुपये थे। सूचना पाकर इंस्पेक्टर चेतगंज मौके पर पहुंचे। अरशद से पूछताछ के साथ ही आसपास की दूकानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए लेकिन बदमाशों का सुराग नहीं लगा।
इस वारदात के थोड़ी ही देर बाद सारनाथ थाना क्षेत्र के आशापुर स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के समीप बिजली विभाग के ठेकेदार मवैया निवासी लल्लन सिंह यादव का डेढ़ लाख रुपये से भरा बैग पल्सर बाइक सवार दो बदमाश छीने।
इसके बाद बदमाश सारनाथ की ओर भाग निकले। घटनास्थल के समीप ही आशापुर पुलिस चौकी है लेकिन बदमाशों को कोई पकड़ नहीं सका। लल्लन ने बताया कि वे बैंक से रुपये निकालकर घर जा रहे थे।
सूचना पाकर सीओ कैंट मौके पर पहुंचे और बैंक का सीसीटीवी फुटेज खंगालकर बदमाशों को चिह्नित करने में जुटे रहे।
फार्चूनर में बैठी महिला को दिया झांसा
इसके बाद लंका थाना अंतर्गत लंका-संकटमोचन मार्ग पर खड़ी एक फार्चूनर में सवार मऊ निवासी पुष्पा देवी उचक्कों का शिकार बनीं। मऊ से खरीदारी करने आईं साड़ी कारोबारी रमेश सिंह की पत्नी पुष्पा अपनी फार्चूनर में भतीजे अंशुमान, बहन और ड्राइवर के साथ बैठी थी। पुष्पा ने बताया कि इसी दौरान 25 साल की लगभग उम्र का एक युवक आया और बताया कि आपका रुपया आपकी गाड़ी के नीचे गिरा हुआ है। पुष्पा ने झांका तो दस के नोट गिरे हुए थे। इसी दौरान तेजी से एक लड़का दौड़ते हुए और पुष्पा की विपरीत दिशा वाला गाड़ी का दरवाजा खोलकर उनका पर्स ले भागा। पुष्पा ने बताया कि पर्स में ढाई लाख रुपये, मतदाता परिचय पत्र सहित अन्य जरूरी कागजात थे। उधर, सिगरा थाना अंतर्गत रथयात्रा चौराहा के पास खड़ी कार में सवार मिर्जापुर के जल्हीपट्टी निवासी मीनू मिश्रा के पास आए दो उचक्कों ने कहा कि आपके कार के नीचे रुपया गिरा है। मीनू और उनका ड्राइवर नीचे उतरे तो कार से उचक्कों ने उनका पर्स उड़ा दिया। पर्स में 20 हजार रुपये, एटीएम, आधार कार्ड सहित अन्य जरूरी कागजात थे। इस संबंध में एसएसपी नितिन तिवारी ने बताया कि चारों घटनाओं के अनावरण के लिए क्राइम ब्रांच और इलाकाई थाने की टीम लगाई गई है। जल्द ही चारों वारदातों का अनावरण किया जाएगा।