पूर्वांचल में बदमाश लगातार अपराधिक वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। बदमाशों को पुलिसिंग व्यवस्था का बिल्कुल खौफ नहीं है। अब तो खाकी भी सुरक्षित नहीं है।
यूपी के चंदौली जिले में एसआई संतोष कुमार को गश्त के दौरान बाइक सवार बदमाशों ने गोली मार दी। अलीनगर थाने के बरहुली पुलिया के पास रविवार देर रात बेखौफ बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दिया। एसआई संतोष कुमार लौंदा पुलिस चौकी प्रभारी हैं।
ग्रामीणों ने दो बदमाशों को पकड़कर पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि एक फरार हो गया। घायल एक बदमाश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि दूसरे को जेल भेज दिया गया। चौकी प्रभारी का बीएचयू ट्रामा सेंटर में इलाज चल रहा है। उनकी हालत गंभीर है।
तीनों आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया। चौकी प्रभारी एसआई संतोष कुमार, सिपाही पंकज और राजेंद्र के साथ रविवार रात साढ़े बारह बजे अलग-अलग बाइक से गश्त पर थे।
एसपी संतोष सिंह के अनुसार, गश्त के दौरान दौरान एसआई बरहुली पुलिया से नई कोट गांव की ओर मुड़े। तभी एक बाइक पर सवार तीन युवक आते दिखे। शक होने पर उन्होंने तीनों को रोककर कागजात दिखाने के लिए कहा।
इस पर एक युवक ने बाइक की डिक्की से तमंचा निकाल एसआई पर तान दिया। एसआई ने तमंचा पकड़ लिया, लेकिन दूसरे युवक ने तमंचे से उन पर गोली चला दी, जो बाईं ओर पसली में लगी। इससे एसआई घायल होकर गिर गए और तीनों बदमाश फरार हो गए।