वाराणसी। काशी की दो बहादुर ‘मर्दानियों’ ने गुरुवार को चेन स्नेचरों से अकेले लोहा लिया।
सारनाथ क्षेत्र के शिव विहार कालोनी में इनकम टैक्स इंस्पेक्टर की पत्नी ने चेन छीनकर बाइक से भाग रहे बदमाश को अकेले ही दबोच लिया और उसकी पिटाई करने के बाद पुलिस को सौंप दिया। हालांकि एक बदमाश भागने में कामयाब रहा।
दूसरी घटना महमूरगंज इलाके की है। मंदिर से दर्शन करके लौट रही महिला ने चेन छीनने वाले की कलाई पकड़ कर ऐसा दांत काटा कि वह दर्द से कराहने लगा और उसके हाथ से चेन गिर गई।
गाजीपुर में तैनात इनकम टैक्स इंस्पेक्टर अनिरुद्ध श्रीवास्तव शिव विहार कालोनी में परिवार के साथ रहते हैं। उनकी पत्नी रागिनी दोपहर में सब्जी खरीदने घर से निकली थीं।
जैसे ही वह कालोनी के गेट पर पहुंचीं एक बाइक पर सवार दो बदमाश उनके पास आए और झपट्टा मारकर चेन छीन ली। इस बीच रागिनी ने बाइक पर पीछे बैठे बदमाश का जैकेट कसकर पकड़ लिया।
वह गिर गया जबकि उसका साथी बाइक लेकर भाग निकला। रागिनी बदमाश से भिड़ गईं। उनका साहस देख आसपास के लोग भी जुट गए और लोगों ने दबोचे गए बदमाश की जमकर पिटाई की।
इस बीच पुलिस भी पहुंच गई। पकड़ा गया बदमाश राजू बिहार का रहने वाला है। राजू ने पुलिस को बताया कि हीरा यादव बाइक चला रहा था, जो कोतवाली क्षेत्र के मध्यमेश्वर का रहने वाला है।